पंजाब में 404 नए डाक्टरों की नियुक्तियां जल्द: ज्याणी

punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2015 - 11:01 PM (IST)

होशियारपुर (अश्विनी): पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी ने कहा है कि राज्य में लोगों को मैडीकल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग में 404 नए एम.बी.बी.एस. डाक्टरों की भर्ती जल्द की जाएगी।
 
आज यहां सांसद अविनाश खन्ना की सुपुत्री कै. शिखा के विवाह समारोह के अवसर पर बातचीत करते हुए ज्याणी ने कहा कि ग्रामीण डिस्पैंसरियों में तैनात 1100 डाक्टरों में से 730 डाक्टरों ने लिखित रूप से स्वास्थ्य विभाग में मर्ज किए जाने पर सहमति प्रकट की है। इनको भी जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त कर दिया जाएगा। 
 
उन्होंने बताया कि राज्य में स्पैशलिस्ट डाक्टरों की कमी दूर करने के लिए एम.बी.बी.एस. डाक्टरों को बतौर स्पैशलिस्ट नियुक्त किया जाएगा। 
 
हैपेटाइटिस ‘बी’ व ‘सी’ का उपचार हुआ सस्ता
 
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने हैपेटाइटिस ‘बी’ व ‘सी’ का 14 हजार वाला टीका 4 हजार रुपए में उपलब्ध करवाने का निर्णय किया है। इस बीमारी से ग्रस्त लोगों को पहले उपचार पर साढ़े 3 लाख खर्च करने पड़ते थे लेकिन अब उन्हें 70-75 हजार रुपए ही खर्च करने पड़ेंगे।
 
प्राइवेट डायग्नोसिज सैंटर खुलेंगे
 
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिला व तहसील स्तर पर प्राइवेट डायग्नोसिज सैंटर खोलने का फैसला किया है। ठेकों पर खोले जा रहे ये सैंटर व लैब्ज 24 घंटे खुलेंगी। यहां सरकार द्वारा निश्चित दरों पर डायग्नोसिज की सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 
 
फाइव स्टार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी
 
ज्याणी ने बताया कि जिला मुख्यालयों के सिविल अस्पतालों में फाइव स्टार सुविधाओं से युक्त 10-10 व तहसील स्तर पर 5-5 स्पैशल रूम बनाए जाएंगे। इनमें मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलूर जैसे महानगरों के प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि जालंधर, लुधियाना, मोगा व अमृतसर के सरकारी अस्पतालों में सफाई, सुरक्षा व रख-रखाव का काम प्राइवेट कम्पनियों को सौंपने का फैसला किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News