Kundli Tv- त्रिदेव भी करते हैं यहां पूजा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 19, 2018 - 03:30 PM (IST)

ये नहीं देखा तो क्या देखा (देखें VIDEO)

त्रिकोण यंत्र पर स्थित विंध्याचल निवासिनी देवी लोकहिताय, महालक्ष्मी, महाकाली तथा महासरस्वती का रूप धारण कर विंध्यवासिनी देवी विंध्य पर्वत पर स्थित मधु तथा कैटभ नामक असुरों का नाश करने वाली और भगवती यंत्र की अधिष्ठात्री देवी हैं। कहा जाता है कि जो मनुष्य यहां तप करता है उसे अवश्य सिद्धि प्राप्त होती है। विभिन्न सम्प्रदाय के उपासकों को मनवांछित फल देने वाली मां विंध्यवासिनी देवी अपने अलौकिक प्रकाश के साथ यहां नित्य विराजमान रहती हैं। विंध्याचल हिंदुओं का प्रमुख तीर्थस्थल है।

PunjabKesari
उत्तर प्रदेश का मिर्जापुर जिला विंध्यवासिनी मंदिर के अलावा कई विक्टोरिया काल की बेहतरीन इमारतों के लिए जाना जाता है। मंदिर के अलावा विंध्याचल का प्राकृतिक सौंदर्य भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। यह क्षेत्र हरे-भरे वन से आच्छादित है और मंदिर के साथ-साथ सुंदर वातावरण भीड़-भाड़ से जो लोग बचना चाहते हैं उनके लिए प्रिय स्थान है।

PunjabKesari
विंध्य क्षेत्र का महत्व तपोभूमि के रूप में पुराणों में वर्णित है। विंध्याचल की पहाडिय़ों में गंगा की पवित्र धाराओं की कल-कल करती ध्वनि प्रकृति की अनुपम छटा बिखेरती है। विंध्याचल पर्वत न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा स्थल है बल्कि संस्कृति का अद्भुत अध्याय भी है। इसकी माटी की गोद में पुराणों के विश्वास और अतीत के अध्याय समाए हुए हैं। ऐसी मान्यता है कि सृष्टि आरंभ होने से पूर्व और प्रलय के बाद भी इस क्षेत्र का अस्तित्व कभी समाप्त नहीं हो सकता। 

PunjabKesari
यहां संकल्प मात्र से उपासकों को सिद्धि प्राप्त होती है। इस कारण यह क्षेत्र सिद्धपीठ के रूप में भी विख्यात है। साथ ही यहां पर स्वयं शक्ति का प्रादुर्भाव हुआ। साक्षात शक्ति स्वरूपा इस पवित्र स्थल पर प्रकट हुईं इसलिए यह शक्ति स्थल के नाम से भी विख्यात है।

PunjabKesari
आदिशक्ति की शाश्वत लीलाभूमि मां विंध्यवासिनी के धाम में पूरे वर्ष दर्शनार्थियों का तांता लगा रहता है। ब्रह्मा, विष्णु व महेश भी भगवती की मातृभाव से उपासना करते हैं, तभी वे सृष्टि की व्यवस्था करने में समर्थ होते हैं।

PunjabKesari
इसकी पुष्टि मार्कंडेय पुराण के अंतर्गत श्री दुर्गा सप्तशती की कथा से भी होती है जिसमें सृष्टि के प्रारंभ काल की कुछ इस प्रकार चर्चा है- सृजन की आरंभिक अवस्था में सम्पूर्ण रूप से सर्वत्र जल ही विद्यमान था। शेषमयी नारायण निद्रा में लीन थे। भगवान के नाभि कमल पर वृद्ध प्रजापति आत्मचिंतन में मग्न थे। तभी विष्णु के कर्ण रंध्र से दो अतिबली असुरों का प्रादुर्भाव हुआ। ये ब्रह्मा को देखकर उनका वध करने के लिए दौड़े। ब्रह्मा को अपना अनिष्ट निकट दिखाई देने लगा। 

PunjabKesari
असुरों से लड़ना रजोगुणी ब्रह्मा के लिए संभव नहीं था। यह कार्य श्री विष्णु ही कर सकते थे, जो निद्रा के वशीभूत थे। ऐसे में ब्रह्मा को भगवती महामाया की स्तुति करनी पड़ी तब जाकर उनके ऊपर आया संकट दूर हो सका। विंध्यवासिनी मां विंध्याचल की संरक्षक देवी मानी जाती हैं। उनके आसन को भक्तों द्वारा सबसे पवित्र शक्तिपीठ के साथ ही उन्हें प्रेम और करूणा का प्रतीक माना जाता है। विंध्याचल देवी मंदिर एक विशाल संरचना है जो विंध्याचल शहर के व्यस्त बाजार के बीचों-बीच स्थित है। इस तीर्थस्थल में देवी की प्रतिमा एक शेर पर स्थित है। मूर्ति को काले पत्थर से तराशा गया है।

PunjabKesari
लोक कथाओं के अनुसार महिषासुर राक्षस का वध करने के बाद देवी मां ने विंध्याचल को ही अपना निवास स्थान बनाया। अपने सर्वश्रेष्ठ दिनों में विंध्याचल अपने कई मंदिरों और इमारतों के लिए जाना जाता था लेकिन इन सभी को मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में नष्ट कर दिया गया था किंतु इनमें से कुछ आज भी बचे हुए हैं। देवी सीता को समर्पित रामायणकालीन सीता कुंड के साथ-साथ यहां पर कई आकर्षण हैं। यहीं पर देवी काली को समर्पित एक कालीकोह प्राचीन मंदिर भी है।

PunjabKesari
रामेश्वर महादेव के बारे में मान्यता है कि श्रीराम ने यहां शिवलिंग को स्थापित किया था। यहां का अष्टभुजा देवी मंदिर देवी अष्टभुजा को समर्पित है जो श्रीकृष्ण जी को पालने वाली यशोदा माता की पुत्री थीं। विंध्याचल सड़क मार्ग द्वारा भली-भांति जुड़ा हुआ है और रेल तथा वायु मार्गों द्वारा यहां वाराणसी में पहुंचा जा सकता है। विंध्याचल भ्रमण का आदर्श समय अक्तूबर से मार्च के बीच का है।

Kundli Tv- ऐसे रखेंगे अपना किचन तो घर से भागेगी 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News