ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाक की नौसेनाएं आमने-सामने, पाकिस्तान ने तुर्की से मांगी मदद.... इंडियन नेवी का सख्त अलर्ट जारी

punjabkesari.in Monday, Aug 11, 2025 - 10:30 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच समुद्री सीमा पर एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है। दोनों देशों की नौसेनाएं एक ही दिन यानी 11 अगस्त 2025 को उत्तरी अरब सागर में फायरिंग ड्रिल कर रही हैं। खास बात ये है कि दोनों की फायरिंग लोकेशन में महज 60 नॉटिकल मील की दूरी है। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम पर दुनियाभर की निगाहें टिकी हुई हैं।

भारतीय नौसेना का सख्त अलर्ट

भारतीय नौसेना ने सोमवार, 11 अगस्त को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक युद्धाभ्यास की सूचना दी है। यह अभ्यास जंगी जहाज से होगा, लेकिन नौसेना की ओर से यह जानकारी नहीं दी गई है कि किस जहाज से फायरिंग की जाएगी और किस प्रकार की मिसाइल का परीक्षण होगा। यह चेतावनी इस क्षेत्र से गुजरने वाले कार्गो जहाज, तेल टैंकर और अन्य देशों की नौसैनिक गतिविधियों को देखते हुए जारी की गई है ताकि इस अभ्यास के दौरान कोई समुद्री दुर्घटना न हो। 
दूसरी ओर पाकिस्तान की नौसेना ने भी अपनी समुद्री सीमा में 11 और 12 अगस्त को फायरिंग ड्रिल की घोषणा की है। यह अभ्यास सोमवार सुबह 4 बजे से मंगलवार दोपहर 3 बजे तक चलेगा। पाकिस्तान ने भी इस ड्रिल में प्रयोग की जाने वाली मिसाइलों या युद्धपोतों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा समुद्री तनाव

भारत और पाकिस्तान के बीच यह समुद्री तनाव उस समय और गहरा गया जब भारत ने 7 से 10 मई के बीच एक बड़ी सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के तहत की थी। इसके बाद 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और अधिक बिगाड़ दिया। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद नौसेना की खुलकर तारीफ की थी और चेतावनी दी थी कि अगली बार कोई भी बड़ा हमला हुआ तो सर्जिकल स्ट्राइक का नेतृत्व भारतीय नौसेना करेगी।

पाकिस्तान ने तुर्की से मांगी मदद

भारतीय नौसेना की रणनीतिक घेरेबंदी से घबराकर पाकिस्तान ने तुर्की के एक जंगी जहाज को कराची बंदरगाह बुलाया था। यह कदम बताता है कि पाकिस्तान अब अपने पारंपरिक सहयोगियों से समर्थन लेने की कोशिश में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News