फेसबुक पर हुआ प्यार, शादी के 9 महीने बाद ऐसे हुआ दर्दनाक अंत

punjabkesari.in Friday, Aug 05, 2016 - 03:26 PM (IST)

नई दिल्ली: फेसबुक पर हुई दोस्ती थोड़े समय में प्यार में बदल गई। दोनों ने एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद से ही युवक अपनी पत्नी को अनदेखा करने लगा। वह आए दिन उसकी पिटाई भी करता था। युवक ने अपनी पत्नी को मायके में छोड़ दिया और ले जाने के लिए राजी नहीं हो रहा था। जिससे दुखी होकर युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला साऊथ दिल्ली के मोतीबाग इलाके का है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार पूजा (25) अपने माता-पिता के साथ सत्य निकेतन में रहती थी। डेढ़ साल पहले फेसबुक पर पूजा की दोस्ती शिवा नामक युवक से हुई। दोनों से फेसबुक पर घंटो बात होती थी। देखते ही देखते यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों शादी करना चाहते थे। शिवा शादी का प्रस्ताव लेकर पूजा की मां डेजी के सामने गया तो डेजी ने शादी के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। जिसके बाद दोनों ने 19 अक्तूबर 2015 को यमुनापार के एक मंदिर में शादी कर ली। पूजा के परिजनों केे अनुसार शादी के बाद शिवा उसे लेकर गुडगांव में रहने लगा।

शादी का प्रस्ताव रखते समय शिवा ने बताया था कि वह एक मॉल में काम करता है। जबकि उसके पास कोई काम धंधा नहीं था। शिवा अक्सर पूजा की पिटाई करता था। जिससे वह बीमार रहने लगी। उसने पूजा को सत्य निकेतन उसके मायके में लाकर छोड़ दिया। वह उसे लेकर नहीं जा रहा था। कई बार डेजी ने शिवा से पूजा को ले जाने की सिफारिश भी की लेकिन वह राजी नहीं हो रहा था। जिससे तंग आकर पूजा ने 2 अगस्त की रात फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News