फेसबुक से PM का भाषण हटाए जाने के मामले में माफी मांगें मार्क जुकरबर्ग, संसदीय समिति ने कहा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 01:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: संसद की एक स्थायी समिति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भाषण फेसबुक से हटाए जाने के मामले में बुधवार को मेटा के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग से माफी मांगने को कहा। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव को लिखे एक पत्र में, लोकसभा सचिवालय के एक निदेशक ने कहा कि अगर तीन दिन के भीतर माफी नहीं मांगी गई, तो जुकरबर्ग को मिला संरक्षण और छूट वापस ली जा सकती है। ए. ज्योतिर्मयी के हस्ताक्षर वाले पत्र में कहा गया है, ''समिति ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उस वीडियो को फेसबुक से 5-6 घंटे तक हटाए जाने के मामले को बहुत गंभीरता से लिया है, जिसमें उन्होंने परीक्षा से जुड़े विवादों और प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बारे में छात्रों और 'जेन जेड' को संबोधित किया था।''

समिति ने धोखाधड़ी वाले ऐप्स के कारण निवेशकों के 48 लाख रुपये से ज्यादा गंवाने के मामले में गूगल इंडिया के प्रमुख के खिलाफ भारत सरकार से कार्रवाई की भी मांग की है। पत्र में कहा गया, ''समिति ने हैदराबाद साइबर पुलिस द्वारा गूगल इंडिया के प्रमुख को साइबर धोखाधड़ी करने वालों के साथ सह-आरोपी बनाए जाने की कार्रवाई पर चर्चा की। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि उन्होंने धोखाधड़ी वाले ऐप्स के जरिए निवेश करके 48 लाख रुपये से ज्यादा गंवा दिए। समिति चाहती है कि भारत सरकार भी गूगल इंडिया के खिलाफ वैसी ही कार्रवाई करे।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News