बड़े भाई की बारात जाने से पहले युवक को लगा करंट, हुई मौत
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 09:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के बानपुर क्षेत्र में मंगलवार को बड़े भाई की बारात जाने से पहले छोटे भाई की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि बानपुर निवासी संतोष रजक के बड़े पुत्र सुमित रजक की 24 जून को बारात जानी थी। घर के बाहर शादी समारोह के लिए पंडाल लगाया गया था, जिसमें लोहे के पाइप लगे हुये थे व उसके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन निकली हुई थी।
दूल्हे का छोटा भाई दिलीप (23) किसी कार्य से घर से बाहर जा रहा था। जब वह घर से बाहर लगे पंडाल में पहुंचा था व वहां पर लगे लोहे के पाईप को छू लिया, जिससे पाईप में आ रहे करंट लगने से वह झुलस कर गिर गया। परिजनों ने देखा तो उपचार के लिये ललितपुर मेडीकल कॉलेज ले गये, जहां परीक्षणोपरान्त चिकित्सकों ने दिलीप को मृत घोषित कर सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म हेतु भेजकर जांच प्रारम्भ कर दी।
