अज्ञात वाहन की टक्कर से युवती की मौत, 2 अन्य घायल
punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 06:29 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र निवासी हीरा लाल कसौधन की पत्नी पूनम (42) अपनी पुत्री रजनी (22) और एक भतीजे के साथ रविवार सुबह गुप्तारगंज से घर लौट रही थीं।
इसी दौरान गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बमरौली स्थित ऋषिराज महाविद्यालय के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कूरेभार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रजनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पूनम और उनके भतीजे को प्राथमिक उपचार के बाद सुलतानपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां दोनों का इलाज जारी है। कूरेभार थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
