योग भारत का गौरव, विश्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को अपना रहा है: राजनाथ सिंह

punjabkesari.in Friday, Jun 21, 2024 - 05:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यहां स्ट्राइक 1 कोर मुख्यालय के प्रशिक्षण केंद्र में सैन्य कर्मियों के साथ योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे और स्ट्राईक 1 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा के साथ वरिष्ठ अधिकारियों, अग्निवीरों, सैन्य कर्मियों के परिवारों और बच्चों सहित करीब 600 लोग शामिल हुए।
PunjabKesari
राजनाथ सिंह ने इस दिन को राष्ट्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि दुनिया भारत की इस महान सांस्कृतिक विरासत को उत्साह के साथ स्वीकार कर रही है। उन्होंने योग को दुनिया तक पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया। रक्षा मंत्री ने कहा, “योग और ध्यान हमारी संस्कृति का हिस्सा है, जो हमेशा 'सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया' की भावना रखता है। यानि हम सभी की खुशी और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करते हैं। हम विश्व के कल्याण के लिए प्रार्थना करते हैं।” उन्होंने कहा, “यह हमारी सभ्यता की विशेषता है। हम सभ्यताओं के टकराव के बजाय सहयोग में विश्वास करते हैं।”
PunjabKesariसिंह ने कहा कि हर भारतीय सैनिक एक तरह से योगी है तथा दुनिया ने कई बार देश के सैनिकों की शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती देखी है। उन्होंने कहा कि केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि आपदाओं के दौरान राष्ट्र के लिए सैनिकों की सेवा उनके मजबूत शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का प्रमाण है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत विस्तारवादी व साम्राज्यवादी नीतियों के खिलाफ है, लेकिन किसी भी तरह से उसकी संप्रभुता को खतरा होता है तो भारत कड़ा जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। योगाभ्यास के पश्चात राजनाथ सिंह ने वृन्दावन पहुंचकर ठा. बांकेबिहारी के दर्शन किए व देश की अखण्डता, एकता व सलामती के लिए ईश्वर से कामना की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News