बंगाल में सरकार के फैसले से झूम उठी महिलाएं, सरकारी मुफ्त बस सेवा शुरू
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 02:23 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को सभी मार्गों पर सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत की, जिससे महिला यात्रियों में खुशी देखी गई। सुबह के व्यस्त समय में काम पर जाने वाली महिलाओं ने सरकारी बसों के फेरे बढ़ाने की मांग की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत की है।

सरकारी बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की
बालीगंज स्टेशन से मध्य कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित अपने कार्यस्थल के लिए बस में चढ़ने के दौरान माला बिस्वास नामक महिला यात्री ने कहा ''मैं खुश हूं, लेकिन सरकारी बसों के फेरे बढ़ाने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से सरकारी बसों की संख्या में भारी कमी आई है।

महिला यात्रिायों का जानिए कैसा रहा रिएक्शन
दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट से आईटी हब सॉल्ट लेक सेक्टर पांच जा रही सरकारी वातानुकूलित बस में सफर कर रही सुमाना सिंह ने कहा, ''पिछले कुछ वर्षों में कई सरकारी बस रूट बंद हो गए हैं जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।'' अपनी दो बेटियों के साथ सिलीगुड़ी से कूच बिहार के लिए उत्तर बंगाल राज्य परिवहन कंपनी की बस से यात्रा कर रहीं मनीषा बर्मन ने कहा कि इस योजना के कारण उनके पैतृक गांव तक की लगभग 170 किलोमीटर की यात्रा आसान हो जाएगी।
लाभार्थियों की तस्वीरे की जाएंगी जारी
सरकार ने एक जून से पश्चिम बंगाल परिवहन निगम, दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम और उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की सभी बसों में महिलाओं के लिए यात्रा निःशुल्क कर दी है। इस कदम का उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण करना और परिवहन सुविधाओं तक उनकी पहुंच में सुधार करना है। राज्य सरकार ने कहा है कि योजना के दुरुपयोग को रोकने के लिए लाभार्थियों की तस्वीरों और नामों के साथ डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे।
