ममता बनर्जी का मोदी सरकार को जवाब, पश्चिम बंगाल को एक और गुजरात नहीं बनने देंगे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 11, 2019 - 04:41 PM (IST)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा के बीच झड़प के दौरान टूटी ईश्वरचंद विद्यासागर की नई मूर्ति का अनावरण किया। इसके बाद यह मूर्ति कोलकाता के विद्यासागर कॉलेज में स्थापित की जाएगी। इसदौरान ममता ने कहा कि चुनावों के बाद हुई हिंसा में मारे गए दस लोगों के परिजन को राज्य सरकार वित्तीय सहायता देगी। वहीं उन्होंने कहा कि शनिवार को हुई हिंसा में दो लोग मारे गए थे और भाजपा का पांच लोगों के मारे जाने का दावा झूठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिंसा भड़काने की और फर्जी खबरें फैलाकर उनकी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है तथा तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल को एक और गुजरात नहीं बनने देगी।

बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पश्चिम बंगाल को भेजे परामर्श को ‘‘पर्दे के पीछे से खेला जा रहा खेल'' करार दिया और कहा कि राज्य के मुख्य सचिव इसका जवाब दे चुके हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे (भाजपा) सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी खबरें फैलाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रहे हैं। केंद्र सरकार और (भाजपा) पार्टी के कार्यकर्त्ता राज्य में हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। हम बंगाल को एक और गुजरात नहीं बनने देंगे।'' मुख्यमंत्री ने मीडिया पर भी भाजपा के इशारे पर गलत जानकारी प्रसारित करके राज्य का अपमान करने का आरोप लगाया।

उन्होंने राज्य विधानसभा चुनाव 2021 से पहले होने की अटकलों को भी खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में छिटपुट घटनाएं घटीं। वो भी भाजपा की वजह से। उन्होंने खुद को भगवान समझना शुरू कर दिया है। लेकिन याद रखिए, हमने घटनाओं को नियंत्रित कर लिया है।'' बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में आज के हालात की तुलना 2009 में माकपा की अगुवाई वाली वाम मोर्चा सरकार के समय से किए जाने पर कहा कि अब और तब के हालात में बहुत अंतर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News