कौन बनेगा कर्नाटक का अगला सीएम? सामने आ रहे इन दिग्गज नेताओं के नाम

punjabkesari.in Monday, Jul 26, 2021 - 06:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में नए नेता को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। अभी तक किसी को नहीं पता इस प्रतिष्ठित सीट पर कौन बैठेगा, हालांकि मीडिया में कई नाम सामने आ रहे हैं। कर्नाटक के दक्षिणी भाग में पार्टी की कमजोर उपस्थिति को देखते हुए येदियुरप्पा का विकल्प खोजना काफी मुश्किल होगा। राज्य के इन हिस्सों में वोक्कालिगा समुदाय के बीच पार्टी के कार्यकर्ता कम हैं। कर्नाटक के उत्तरी हिस्से में जहां लिंगायत एक प्रमुख समुदाय है, पार्टी की स्थिति मजबूत है।

वोक्कालिगा, लिंगायत और ब्राह्मण समुदायों के कुछ नाम संभावित मुख्यमंत्री के रूप में सामने आए हैं। खनन और भूविज्ञान मंत्री मुरुगेश निरानी मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हैं और सबसे बड़े लिंगायत समुदाय के पंचमशाली उप-सम्प्रदाय से ताल्लुक रखते हैं। वह चीनी और सीमेंट कारखानों के मालिक हैं। इस वर्ष की शुरुआत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी चीनी की फैक्ट्री का दौरा किया था। उन्होंने तीन बार बिल्गी विधानसभा सीट जीती है और पिछड़ा वर्ग सूची की 2ए श्रेणी में समुदाय को शामिल करने की मांग को लेकर पंचमसाली आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं।

निरानी के अलावा, सीटी रवि और अरविंद बेलाड पद के संभावित दावेदारों में हैं। रवि मलनाड क्षेत्र के प्रमुख वोक्कालिगा नेता हैं और हिंदुत्व की राजनीति के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा गृह मंत्री बसवराज बोम्मई भी प्रमुख दावेदार हैं और येदियुरप्पा के करीबी हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री एसआर बोम्मई के पुत्र हैं। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री सी एन अश्वत नारायण का भी नाम चर्चा में है। वह वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं और पेशे से चिकित्सक हैं। इसके अलावा प्रह्लाद जोशी (58) का नाम सामने आ रहा है। वह ब्राह्मण है और धारवाड़ से चार बार सांसद चुने गए हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अन्य राष्ट्रीय भाजपा नेताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भी करीबी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Hitesh

Recommended News

Related News