जब फ्लाइट में स्मृति ईरानी ने प्रियंका गांधी को दिया था अपना परिचय

Tuesday, Oct 10, 2017 - 03:09 PM (IST)

नई दिल्ली: अक्सर राहुल गांधी और उनके परिवार पर हमला बोलने वाली केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने प्रियंका गांधी से हुई मुलाकात का एक किस्सा सुनाया। एक इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने साल 2014 में हुए एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि 2 साल पहले शायद जेट एयरवेज की फ्लाइट में चेन्नई से बेंगलुरु जाते वक्त मेरी मुलाकात प्रियंका गांधी से हुई थी। वह विमान में मुझसे पीछे वाली सीट पर थी, मैंने पीछे मुड़कर अपना परिचय उन्हें दिया। मैंने कहा कि मैं स्मृति ईरानी हूं, प्रियंका की प्रतिक्रिया काफी सहज और विनम्र थी।

भाजपा ने सिखाया विनम्र रहना
ईरानी ने कहा कि राजनीति में चुनाव के ऐसी पार्टियां जो हमेशा ‘तुम जानते हो मेरे पिताजी कौन हैं’ वाली सोच में जीती आई हैं, उनके सामने हमारा कर्तव्य बनता है कि हम ही विनम्र हो जाएं। भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते हमारा फर्ज है कि हम विनम्र रहें। केंद्रीय मंत्री ने प्रियंका गांधी और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें सिखाया है कि किस तरह लोगों के सामने विनम्र होकर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी भी कहते हैं कि उन्हें 2001 से ही विष पीने की आदत हो गई है और अब हमें भी कांग्रेस पार्टी की तरफ से मिलने वाले विष को पीने की आदत हो गई है। 

प्रियंका गांधी ने पूछा था- कौन है स्मृति ईरानी
दरअसल साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के वक्त अमेठी में प्रियंका गांधी अपने भाई और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए चुनाव प्रचार कर रही थीं, उस वक्त जब उनसे भाजपा की प्रत्याशी स्मृति ईरानी के बारे में सवाल किया गया, तब उन्होंने चुटकी लेने के अंदाज में कहा था, कौन हैं स्मृति ईरानी। जिसके बाद स्मृति ईरानी और प्रियंका की मुलाकात एक विमान में हुई थी, जहां स्मृति ईरानी ने सामने से अपना परिचय प्रियंका को दिया था।

Advertising