Karishma kapoor के Ex- husband की पत्नी ने पूछा सवाल, कहा - उनके बच्चों को 1900 करोड़ रुपये मिले और उन्हें क्या चाहिए?
punjabkesari.in Wednesday, Sep 10, 2025 - 02:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को सूचित किया कि संजय की पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों को पारिवारिक ट्रस्ट से पहले ही 1,900 करोड़ रुपये मिल चुके हैं तथा ‘‘उन्हें और क्या चाहिए?'' संजय और करिश्मा के बच्चों ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर अपने दिवंगत पिता की संपत्ति में हिस्सेदारी मांगी है और आरोप लगाया कि प्रिया ने जायदाद पर कब्जा करने के लिए संजय कपूर की वसीयत रची है। हालांकि, न्यायमूर्ति ज्योति सिंह के समक्ष किए गए दावों का विरोध करते हुए प्रिया के वकील ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि लोगों को सड़कों पर छोड़ दिया गया है।''
दिल्ली हाईकोर्ट में उठाया सवाल-
उन्होंने कहा कि वसीयत पंजीकृत नहीं थी, लेकिन यह ‘अवैध' नहीं है। न्यायाधीश ने पूछा था कि क्या वसीयत पंजीकृत की गई थी। वकील ने कहा, ‘‘यह पंजीकृत नहीं है। अपंजीकृत होने से इसकी प्रकृति समाप्त नहीं होती। एक निर्णय है जो कहता है कि अपंजीकृत होने से इसकी वैधता समाप्त नहीं होती। जब मैं वसीयत तैयार करूंगा, तो मेरी पत्नी को यह जांचने का अधिकार होगा कि क्या यह संदिग्ध प्रकृति की है। मुकदमे से महज छह दिन पहले यह सब रोना-धोना चल रहा है। वादियों को ट्रस्ट से 1900 करोड़ रुपये मिले। वे और क्या चाहते हैं?''इसके बाद दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेत्री करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों- समायरा कपूर (20) और नाबालिग बेटे (15) द्वारा दायर एक याचिका दर्ज की, जिसमें उनके दिवंगत पिता संजय कपूर की कथित वसीयत को चुनौती दी गई थी।
ये भी पढ़ें- iPhone 17 Pro Max ने कीमत के मामले में Royal Enfield को भी पीछे छोड़ा, जानते हैं इस अनोखे कंपेरिज़न का कैलकुलेशन
प्रिया कपूर को जारी किया था नोटिस-
अदालत ने साथ ही बच्चों की सौतेली मां प्रिया कपूर को नोटिस जारी किया और सुनवाई नौ अक्टूबर तक स्थगित कर दी। न्यायाधीश ने कहा, ‘‘नोटिस जारी किया जाए। दो हफ्ते में जवाब दिया जाए, उसके एक हफ्ते बाद प्रत्युत्तर दें। जवाबों के साथ प्रतिवादी 1 (प्रिया) प्रतिवादी 1 को ज्ञात सभी चल और अचल संपत्तियों की सूची दाखिल करेंगी। संपत्ति 12 जून तक घोषित की जानी है। सुनवाई की अगली तारीख 9 अक्टूबर है।''
वकील ने संजय के साथ पहले चल रहे करिश्मा के तलाक के मामले का भी उल्लेख किया। इस बीच संजय की मां रानी कपूर ने भी वसीयत को चुनौती देते हुए कहा कि उनके पास कुछ नहीं बचा और पूरी प्रक्रिया ‘अपवित्र' रही। याचिका में दावा किया गया है कि न तो संजय कपूर ने वसीयत का जिक्र किया, न ही प्रिया कपूर या किसी अन्य व्यक्ति ने इसके अस्तित्व का जिक्र किया। इसमें आरोप लगाया गया है कि प्रिया कपूर का आचरण ‘‘बिना किसी संदेह के, यह दर्शाता है कि कथित वसीयत उनके द्वारा गढ़ी गई है''।