West Bengal : इस बार बंगाल में PM मोदी का चला जादू, इस Exit Poll के आंकड़ों में भाजपा को मिल रहा बहुमत
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 08:25 PM (IST)
नेशनल डेस्क : देश के चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों में मतदान संपन्न होने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को जारी एक नये एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में संभावना जताई गई है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल और असम में प्रचंड जीत हासिल करेगी, जबकि द्रमुक तमिलनाडु में सत्ता बरकरार रखेगी। 'टुडेज़ चाणक्य' ने अपने सर्वेक्षण में केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कड़े मुकाबले की भविष्यवाणी की है।
उसका अनुमान है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ 69 सीट और माकपा की अगुवाई वाला एलडीएफ 64 सीटें जीत सकता है। उसका कहना है कि केरल के उसके अनुमान में नौ सीटें कम या ज्यादा हो सकती हैं। केरल में विधानसभा की कुल 140 सीटें हैं। पश्चिम बंगाल के लिए 'न्यूज 18' द्वारा किए गए एक अन्य एग्जिट पोल में भाजपा को 143-163 सीटें और तृणमूल कांग्रेस को 127-147 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। 'टुडेज चाणक्य' ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को 192 सीटें और तृणमूल कांग्रेस को 100 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। पश्चिम बंगाल में कुल 294 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 148 है।
'टुडेज चाणक्य' ने असम के लिए भविष्यवाणी की है कि भाजपा को 102 सीटें और कांग्रेस को 23 सीटें मिलेंगी। असम विधानसभा में 126 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 64 है। 'टुडेज़ चाणक्य' ने तमिलनाडु को लेकर आकलन किया है कि द्रमुक तमिलनाडु में सत्ता में वापसी करेगी और अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके अपने पहले ही चुनाव में मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में स्थापित हो जाएगी।
इस सर्वेक्षण में कहा गया है कि द्रमुक गठबंधन को 125 सीटें, टीवीके को 63 सीटें और एआईएडीएमके प्लस को 45 सीटें मिलेंगी। तमिलनाडु में कुल 234 सीटें हैं और जादुई आंकड़ा 118 है। पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे एवं अंतिम चरण में मतदान संपन्न हुआ। इससे पहले बीते 23 अप्रैल को राज्य की 152 सीटों पर मतदान हुआ था। प्रदेश में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं। केरल, असम और पुडुचेरी में नौ अप्रैल तथा तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ था।
