Chill Blowing: 5 दिन भयंकर बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में 30 किमी की रफ्तार से चलेंगी हाड़ कंपा देने वाली ठंडी हवाएं
punjabkesari.in Thursday, Mar 06, 2025 - 08:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-NCR में बीते कई दिनों से 25-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाएं जारी रहेंगी, वहीं 9 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिससे उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसके साथ ही हरियाणा में बीती रात से ही तेज उत्तर- पश्चिमी हवाएं चल रही हैं।आ ने वाले 5 दिनों तक राज्य में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 5 और 6 मार्च को बीच- बीच में मध्यम से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) March 5, 2025
कहां होगा सबसे ज्यादा असर?
IMD के अनुसार, 9 से 11 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। बिहार में 8 मार्च को बारिश और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चलने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में 6 मार्च की सुबह अधिकतम तापमान 26.31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर आसमान साफ रहेगा, लेकिन तेज हवाओं के चलते ठंड का अहसास बना रहेगा। 7 से 9 मार्च के बीच बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 10 और 11 मार्च को हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
आने वाले दिनों में तापमान का क्या रहेगा हाल?
- उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
- मध्य भारत में 2 दिन तक कोई बदलाव नहीं होगा, फिर 3-4 डिग्री की वृद्धि होगी।
- पूर्वी भारत में भी 2 दिन तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, फिर 2 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
- विदर्भ और गुजरात में तापमान 2-3 डिग्री तक गिर सकता है, फिर 3-5 डिग्री तक बढ़ेगा।
- दक्षिण भारत (तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक को छोड़कर) में तापमान स्थिर रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत में सर्द हवाओं का असर बना रहेगा, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी।