Weather Forecast: मानसून एक बार फिर से एक्टिव, अक्टूबर में हल्की गुलाबी ठंड होगी शुरू... IMD ने दी जानकारी

punjabkesari.in Monday, Sep 30, 2024 - 01:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों में बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासकर 30 सितंबर को इन राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली-NCR में तापमान लगातार बढ़ रहा है। IMD के अनुसार, दिल्ली का मौसम 4 अक्टूबर तक साफ रहने की उम्मीद है। आज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में धूप तेज रहने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश: बाढ़ का खतरा
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बदायूं, बलिया, सिद्धार्थ नगर, बाराबंकी, गोंडा, लखीमपुर खीरी, और कुशीनगर में नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं, जिससे बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

राजस्थान, बिहार और झारखंड का मौसम
IMD के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, और कोटा में हल्की बारिश हो सकती है। झारखंड के रांची और आस-पास के इलाकों में भी बारिश की संभावना है। बिहार में सोमवार से मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। बाढ़ की संभावना यहां भी बनी हुई है। अक्टूबर महीने में हल्की सर्दी की शुरूआत हो सकती है। 

पूर्वोत्तर भारत का हाल
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, और त्रिपुरा में 2 और 3 अक्टूबर को बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में मौसम का हाल
मध्य प्रदेश के भोपाल, बैतूल, अलीराजपुर, नर्मदापुरम, रतलाम, सिवनी, धार, नरसिंहपुर, और उज्जैन में हल्की बारिश हो सकती है। जबलपुर, शिवपुरी, और ग्वालियर में तेज धूप रहने की संभावना है। अक्टूबर के अंत में प्रदेश में हल्की गुलाबी ठंड का अनुभव होना शुरू हो सकता है।

इस तरह, उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मिलाजुला मौसम रहेगा, जिसमें बारिश और उमस के साथ-साथ हल्की ठंड का भी एहसास होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News