summer season: खत्म हुई ठंड... दिल्ली औऱ UP में भी बढ़ रहा तापमान, मौसम विभाग का नया अपडेट

punjabkesari.in Thursday, Feb 06, 2025 - 07:57 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली में मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बढ़ने लगा है। लोगों ने अब गर्म कपड़े पहनना कम कर दिया है, लेकिन क्या इसका मतलब है कि ठंड पूरी तरह विदा हो गई?

इस बार जनवरी में भी बारिश नहीं हुई और फरवरी के भी शुष्क रहने की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने भी बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। जब हवा में नमी नहीं होती, तो सूरज की किरणों का प्रभाव अधिक होता है, जिससे तापमान बढ़ने लगता है।

दिल्ली का आज का मौसम

दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में अच्छी धूप रहेगी, जिससे ठंड का एहसास कम होगा। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है, जिससे ठंड और कम हो जाएगी।

यूपी में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी न्यूनतम तापमान अब दो अंकों में पहुंच चुका है। आज यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दो दिनों तक तेज सतही हवाएं चलेंगी, जो मौसम को सुहावना बनाए रखेंगी। हालांकि, यहां भी फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

अन्य राज्यों का मौसम अपडेट

स्काईमेट के अनुसार, आज लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। अगले 2-3 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है, जबकि पूर्वी भारत में यह अगले 24 घंटों के बाद धीरे-धीरे कम होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News