धर्मांतरण, लव जिहाद और ''लैंड जिहाद'' नहीं होने देंगे: शुभेंदु अधिकारी

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 08:20 PM (IST)

मालदाः पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके कार्यकाल में राज्य में धर्मांतरण, लव जिहाद और 'लैंड जिहाद' नहीं होने दिया जाएगा। मुस्लिम बहुल मालदा में एक राहत वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि अतीत में जिले के कालियाचक इलाके में धर्म परिवर्तन की घटनाएं हुई थीं, लेकिन इसे दोहराया नहीं जाना चाहिए।

अधिकारी ने कहा, अगर मेरे कार्यकाल में ऐसा होता है, तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। मैं आपसे कह रहा हूँ कि अब कहीं भी कोई धर्म परिवर्तन नहीं होना चाहिए। जब तक मैं जीवित हूं, मैं मोथाबाड़ी और कालियाचक (जैसी घटनाओं को दोबारा) नहीं होने दूंगा। बांग्लादेश की सीमा से लगे इस जिले के मोथाबाड़ी में 2023 में दो भाइयों के जबरन धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए एक मामला दर्ज किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां सांप्रदायिक दंगे हुए थे जिनमें हिंदुओं को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा था। अधिकारी ने कहा, लव जिहाद और लैंड जिहाद को रोका जाएगा। हमने बीएसएफ को जमीन दे दी है। एक मक्खी को भी घुसने नहीं दिया जाएगा। पश्चिम बंगाल सरकार ने मई में मालदा सहित कई जिलों में कंटीले तारों की बाड़ लगाने और सीमा चौकी के लिए 142.79 एकड़ जमीन बीएसएफ को हस्तांतरित की है।

नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर अधिकारी ने कहा कि आवेदकों को अब प्रमाणपत्र के लिए दूसरों के पास जाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि केंद्र ने राज्य को इन्हें जारी करने की शक्ति दे दी है। उन्होंने कहा, हम सुनवाई करेंगे और प्रमाणपत्र देंगे। जिन लोगों ने आवेदन नहीं किया है, उन्हें जल्दी करना चाहिए। जिन लोगों को पहले ही प्रमाण पत्र मिल चुके हैं, उन्हें मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा, और उनमें से जो लोग अनुसूचित जातियों से संबंधित हैं, उन्हें उनके जाति प्रमाणपत्र भी मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी से पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1950 का सख्ती से पालन करने को भी कहा। अधिकारी ने कहा कि मालदा को नशा मुक्त बनाने और बाल विवाह रोकने के लिए भी राज्य सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा, जो लोग स्कूलों और मदरसों में कक्षाओं की शुरुआत से पहले पूरा वंदे मातरम गाएंगे, वो मेरे दोस्त होंगे। अधिकारी ने यह भी घोषणा की कि किसानों का समर्थन करने के लिए एक किसान विकास बोर्ड का गठन किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News