हरियाणा में आज होगी वोटिंग, 1031 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Oct 05, 2024 - 05:43 AM (IST)

नेशनल डेस्क : पांच साल के बाद वोट देकर अपनी सरकार चुनने की जिस घड़ी का इंतजार हरियाणा की जनता को था, वह आ गई है। आज यानि शनिवार को विधानसभा चुनाव का मतदान है जिसमें 1031 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल के अनुसार कुल 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1031 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे है और मतदान के लिए 20,632 पोलिंग बूथ बनाएं गए है। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। अग्रवाल ने बताया कि 2,03,54,350 मतदाताओं में 1,07,75,957 पुरूष, 95,77,926 महिलाएं और थडर् जेंडर 467 मतदाता है। 18 से 19 आयु वर्ग के 5,24,514 युवा मतदाता है।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
प्रधानमंत्री मोदी आज महाराष्ट्र में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को महाराष्ट्र के दौरे में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे और इस दौरान वह लगभग 9.4 करोड़ किसानों के खाते में 20,000 करोड़ रुपये की ‘पीएम-किसान सम्मान निधि' की 18वीं किस्त भी जारी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। मोदी पांच अक्टूबर को महाराष्ट्र के वाशिम का दौरा करेंगे और दोपहर लगभग सवा 11 बजे जगदंबा माता मंदिर, पोहरादेवी में दर्शन करेंगे। वह वाशिम में संत सेवालाल महाराज और संत रामराव महाराज की समाधियों पर भी श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री बंजारा समुदाय की समृद्ध विरासत का जश्न मनाते हुए बंजारा विरासत संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। वह दोपहर करीब 12 बजे कृषि और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी लगभग 23,300 करोड़ रुपये की कई पहलों की शुरुआत करेंगे तथा शाम करीब चार बजे ठाणे में 32,800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

16 सालों से अपने ही सिर के बाल खा रही थी युवती
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां डॉक्टरों ने एक ऐसी दुर्लभ बीमारी वाले मरीज का ऑपरेशन किया है। गरीब प्रवेश में रहने वाली लड़की का ऑपरेशन मात्र 400 रुपये में हुआ। लड़की के पेट में दो किलो के करीब बालों का गुच्छा पेट में निकला। डॉक्टर ने कामयाबी के साथ बालों का गुच्छा निकाल लिया। लड़की काफी समय से कुछ खा नहीं पा रही थी। फिलहाल लड़की अब पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है।  दरअसल, सुभाषनगर की रहने वाली 21 साल की युवती को पिछले करीब पांच साल से पेट में दर्द की शिकायत थी। कई प्राइवेट डॉक्टरों को दिखाने के बाद भी मर्ज के बारे में पता नहीं चल पाया। हारकर लड़की के परिजन उसको जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उसका सीटी स्कैन कराने पर पता चला कि उसके अमाशय में बालों के गुच्छे जैसी कोई चीज मौजूद है।

संजय जोशी हो सकते हैं बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संजय जोशी अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष हो सकते है। सूत्रों के मुताबिक संजय जोशी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी के साथ पार्टी पार्टी के मंत्रियों से मिलना-जुलना शुरू हो गया है। भाजपा की वर्तमान राजनीति में यह नाम निश्चित ही चौंकाने वाला है। ऐसा नहीं है कि जोशी इस पद के योग्य नहीं है, उनकी गिनती कुशल संगठकों में होती हैं। यह भी ध्यान रखने वाली बात है कि वर्तमान भाजपा में जिन नेताओं का दबदबा है, जोशी की उनके साथ बिलकुल भी पटरी नहीं बैठती।

सड़कों पर भीख मांगने वाली लड़की बन गई डॉक्टर
पिंकी हरयान, जो आज एक डॉक्टर हैं, हिमाचल प्रदेश के मक्लोडगंज में आदर्श मानी जाती हैं। दो दशक पहले वह इसी शहर में भीख मांगकर अपना जीवन यापन करती थीं, और अब उन्होंने चीन से MBBS की डिग्री हासिल की है। पिंकी लगभग 20 साल पहले अपने परिवार के साथ झुग्गी बस्ती में रहती थीं। उनके पिता की आर्थिक हालत बहुत कमजोर थी, और इस वजह से उन्हें भीख मांगने की जरूरत थी। साल 2004 में टोंग-लेन चैरिटेबल ट्रस्ट के निदेशक और तिब्बती भिक्षु लोबसांग जाम्यांग ने पिंकी को भीख मांगते हुए देखा। उन्होंने उसके पिता से मिलकर उसे स्कूल में दाखिला दिलाने की सलाह दी, लेकिन पिंकी के पिता ने आर्थिक कारणों से मना कर दिया।

गरीबों के लिए घर खरीदना हुआ आसान
सरकार गरीबों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं लाती है। इनमें राशन, किसानों के लिए पीएम किसान योजना, और बेटियों के भविष्य के लिए विभिन्न स्कीम शामिल हैं। इसी तरह, गरीबों को घर देने के लिए भी कई योजनाएं चल रही हैं। आज हम आपको ऐसी ही 5 योजनाओं के बारे में बताएंगे। इस योजना का मकसद गरीबों को घर देना है। इसे ‘2022 तक सभी के लिए आवास’ के तहत शुरू किया गया था। सरकार ने ग्रामीण इलाकों में कम लागत वाले घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इस योजना के तहत 1 करोड़ घर बनाने का लक्ष्य है। ग्रामीणों को 2 लाख रुपये तक के होम लोन पर 3% की छूट भी मिलती है।

काला जादू के शक में लोगों ने महिला को जिंदा जलाया
तेलंगाना में मेडक जिले के एक गांव में काला जादू करने के संदेह में एक महिला की कुछ लोगों ने कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात को रामायमपेट मंडल के कटरियाल गांव में स्थित 45 वर्षीय महिला के घर पर कम से कम छह लोगों के एक समूह ने हमला कर दिया और उसे आग लगा दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक महिला के साथ मारपीट करने और उसे जला देने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत गांव पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

iPhone का बढ़ता क्रेज देखकर Apple ने किया बड़ा ऐलान
iPhone बनाने वाली कंपनी एप्पल भारत में चार और स्टोर खोलेगी, जो पुणे, बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में स्थित होंगे। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा, कंपनी जल्द अपने पहले ‘Made in India' iPhone 16 प्रो और iPhone 16 प्रो मैक्स भी पेश करेगी। एप्पल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (खुदरा) डेयरड्रे ओब्रायन ने बयान में कहा, ‘‘ हम अपने दलों का निर्माण कर खुश हैं क्योंकि हम भारत में और अधिक स्टोर खोलने की योजना बना रहे हैं। हम इस देश में अपने ग्राहकों के जुनून से प्रेरित हैं।।'' एप्पल ने अप्रैल 2023 में भारत में अपने पहले दो स्टोर दिल्ली और मुंबई में खोले थे। इस घटनाक्रम से अवगत लोगों के अनुसार, नए स्टोर अगले वर्ष खोले जाने की संभावना है। बयान में कहा गया, ‘‘ एप्पल अब भारत में iPhone 16 प्रो और iPhone 16 प्रो मैक्स सहित सभी iPhone 16 का विनिर्माण कर रहा है।''

45 दिनों के लिए बंद रहेगा रोशनआरा रोड, जानें वजह
डीएमआरसी द्वारा दोहरी सुरंग के निर्माण के कारण उत्तरी दिल्ली में रोशनआरा रोड एक महीने से अधिक समय तक यातायात और पैदल यात्रियों के लिए बंद रहेगा। शुक्रवार को जारी एक परामर्श में यह कहा गया है। यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श में कहा गया है कि यह सड़क शुक्रवार मध्यरात्रि से 18 नवंबर तक बंद रहेगी। एडवाइजरी में कहा गया है कि यात्रियों की सुविधा के लिए आईएसबीटी से आने वाली और रोशनआरा रोड होते हुए शक्ति नगर की ओर जाने वाली बसों और भारी वाहनों की आवाजाही शामनाथ मार्ग, सिविल लाइंस, माल रोड से खालसा कॉलेज और शक्ति नगर चौक के रास्ते होगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा रोशनआरा रोड पर रोशनआरा गोल चक्कर से पुल बंगश मेट्रो स्टेशन तक दोनों मार्गों पर दोहरी सुरंग का निर्माण कार्य चल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News