कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2018 के लिए मतदान आज, 4.98 करोड़ मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि

punjabkesari.in Saturday, May 12, 2018 - 05:37 AM (IST)

बेंगलुरु: राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा की 222 सीटों के लिए शनिवार को मतदान होगा। ज्यादातर सर्वेक्षणों एवं ओपिनियन पोल के अनुसार सत्तारुढ़ कांग्रेस और भाजपा सत्ता के दो प्रबल दावेदार हैं, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा का जनता दल सेक्‍युलर किंगमेकर की भूमिका निभा सकता है।

गौरतलब है कि दो सीटों पर चुनाव स्थगित हो गए है। एक सीट पर वोटिंग बीजेपी प्रत्याशी और वर्तमान विधायक बी एन विजयकुमार के निधन के चलते स्थगित कर दिया गया है। दूसरी सीट आर आर नगर जहां फर्जी वोटर आईडी मिलने की वजह से शुक्रवार को चुनाव आयोग ने मतदान स्थगित कर दिया। इस सीट पर अब 28 मई को चुनाव होगा। वोटों की गनती 15 मई को होगी। 

बता दें कि राज्य में 4.98 करोड़ से अधिक मतदाता हैं जो 2600 से अधिक उम्मीदवारों के बीच से अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर सकेंगे। इन मतदाताओं में 2.52 करोड़ से अधिक पुरुष, करीब 2.44 करोड़ महिलाएं तथा 4,552 ट्रांसजेंडर हैं। चुनाव कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि राज्य में 55,600 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुछ सहायक मतदान केंद्र भी होंगे। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 3.5 लाख से अधिक कर्मी चुनाव ड्यूटी पर होंगे।

वैसे 1985 के बाद से कर्नाटक में कोई भी दल लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं आ पाया है।1985 में रामकृष्ण हेगड़े की अगुवाई में जनता दल दोबारा सत्ता पर काबिज हुआ था। कांग्रेस, पंजाब के बाद एकमात्र बड़े राज्य पर काबिज रहने के लक्ष्य पर केंद्रित है जबकि भाजपा कर्नाटक में अपनी सरकार बनाने के लिए जुटी हुई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक पार्टी के लिए दूसरी बार दक्षिण में कदम रखने का द्वार होगा।

वहीं दूसरी अाेर कांग्रेस को विश्वास है कि वह लगातार सत्ता में नहीं आने के चलन को तोड़ेगी और सिद्धारमैया ने कहा कि उनकी पार्टी इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि मुझसे अक्सर कहा जाता है कि इतिहास मेरे विरुद्ध है क्योंकि लंबे समय से कर्नाटक में कोई सरकार दोबारा नहीं चुनी गई। लेकिन हम यहां इतिहास रचने के लिए हैं, न कि उसका पालन करने के लिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News