अंडरगारमेंट्स में छिपाकर लाए 47 लाख का सोना, दिल्ली एयरपोर्ट पर दो यात्री गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 11:45 AM (IST)

नई दिल्लीः सीमा शुल्क अधिकारियों ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शारजाह से आए दो यात्रियों के पास से 332 ग्राम वजन की सोने की दो चेन जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 47.38 लाख रुपये आंकी गई है।

अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यात्रियों को 26 अक्टूबर को टर्मिनल-तीन पर ग्रीन चैनल पार करने के बाद उनकी गतिविधियों के आधार पर संदिग्ध पाए जाने पर रोका गया।

बयान में कहा गया कि उनके सामान की जांच में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, लेकिन डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) से गुजरने के दौरान तेज बीप की आवाज आने पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने उनकी व्यक्तिगत तलाशी ली। इस दौरान यात्रियों के अंतर्वस्त्रों में छिपाकर रखी गई 999 शुद्धता वाली सोने की दो चेन बरामद हुईं। इनका कुल वजन 332 ग्राम था।

चेन को काले टेप और कार्बन पेपर में लपेटकर रखा गया था। बयान में कहा गया कि जब्त सोने की अनुमानित बाजार कीमत 47.38 लाख रुपये है और इसे सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त किया गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News