दिग्गज अभिनेता का हुआ निधन, 80 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 10:47 PM (IST)

हैदराबादः दिग्गज तेलुगु अभिनेता, निर्देशक और निर्माता गिरिबाबू का शनिवार को यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। गिरिबाबू पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन से तेलुगु फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई।

कई प्रमुख फिल्मी हस्तियों और अभिनेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा इस वरिष्ठ कलाकार के साथ अपने जुड़ाव को याद करते हुए उनके जाने को तेलुगु सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति बताया। प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के रविनुथला गांव में आठ जून, 1946 को‘येरर शेषागिरी राव'के रूप में जन्मे गिरिबाबू ने अभिनय के प्रति अपने जुनून के चलते फिल्मों में कदम रखा था। फिल्म‘जगमे माया'से अपने करियर की शुरुआत करने वाले गिरिबाबू ने चार दशकों से अधिक के अपने शानदार करियर में दक्षिण भारतीय भाषाओं की 600 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने मुख्य अभिनेता और चरित्र कलाकार के रूप में अपनी छाप छोड़ने के अलावा खलनायक की भूमिकाओं में अपने विशिष्ट अभिनय से विशेष पहचान बनाई।

अभिनय के अतिरिक्त, गिरिबाबू ने‘सिम्हा गर्जना‘,‘मेरुपु दादी'और‘इंद्रजीत'जैसी फिल्मों का निर्माण किया तथा‘रणरंगम'और‘नी सुखमे ने कोरुकुन्ना'का निर्देशन भी किया। वह आखिरी बार वर्ष 2023 में रिलीज हुई फिल्म‘अन्नी मंचि सकुनमुले'में नजर आये थे। उनके बेटे रघु बाबू, जो एक जाने-माने हास्य अभिनेता हैं, और बोसु बाबू भी फिल्म उद्योग से जुड़े हुए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News