नारदा मामले में शुभेंदु को कभी पूछताछ के लिए नहीं बुलाया, मुझे परेशान किया जा रहा : अभिषेक

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 08:31 PM (IST)

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि नारदा मामले में स्टिंग ऑपरेशन के दौरान कथित तौर पर रुपये लेते दिखने के बावजूद जांच एजेंसियों ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को कभी पूछताछ के लिए नहीं बुलाया जबकि उन्हें बार-बार 'झूठे मामलों' में परेशान किया जा रहा है। अभिषेक ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और गुजराती समुदाय को कथित तौर पर निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के संबंध में दर्ज प्राथमिकी को लेकर पुलिस की करीब चार घंटे की पूछताछ के बाद अपने आवास के बाहर पत्रकारों को संबोधित किया।

सांसद ने कहा कि उन्होंने हर समन का जवाब दिया है और कभी भी जांच से बचने की कोशिश नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया, "पिछले पांच वर्षों में किसी ने शुभेंदु अधिकारी को, जब वह नेता प्रतिपक्ष थे, नारदा मामले में किसी थाने या सीबीआई के सामने पेश होते नहीं देखा। उन पर रुपये लेने के आरोप होने के बावजूद उच्च न्यायालय ने उन्हें संरक्षण दिया। मेरे खिलाफ कुछ भी नहीं है, फिर भी मुझे बार-बार विभिन्न झूठे मामलों में समन भेजे जा रहे हैं।"

अभिषेक ने कहा कि उनकी पार्टी कानून का सम्मान करती है और सत्ता में रहते हुए पार्टी ने अपनी स्थिति का दुरुपयोग नहीं किया। डायमंड हार्बर से सांसद ने इस सप्ताह की शुरुआत में कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए बुलडोजर अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें चौकी समेत सरकार द्वारा बनाए गए ढांचों को हटाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है लेकिन वहां बने स्मारक को नहीं हटाया जाना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने प्रशासन से फुटपाथ पर दुकानें लगाकर आजीविका चलाने वाले लोगों को वहां से नहीं हटाने की अपील की।

सांसद ने कहा, "मैं भाजपा से नहीं हूं, लेकिन मेरा अनुरोध है कि यहां बैठे लोगों को न हटाया जाए, क्योंकि उनकी आजीविका इसी पर निर्भर है। अगर बुलडोजर चलाना ही है, तो मुझ पर चलाइए, गरीबों पर नहीं।" अभिषेक ने राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए कहा, " आप राजनीतिक रूप से मुकाबला नहीं कर सकते, इसलिए कभी बुलडोजर चलाते हैं, कभी पुलिस मामला दर्ज करती है और कभी झूठे मामले बनाते हैं।"

तृणमूल महासचिव ने अपने खिलाफ चल रही जांच का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी उन्हें समन भेजा गया, वह शेक्सपियर सरणी थाने, अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के सामने पेश हुए हैं। उन्होंने कहा, "मैं देश के कानून का सम्मान करता हूं। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार चल रहा हूं और उनके सभी सवालों के जवाब दिए हैं। भविष्य में भी अगर मुझे बुलाया जाता है, तो मैं जाऊंगा और अपनी पूरी क्षमता से सहयोग करूंगा।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News