ट्रंप प्रशासन ने रद्द किए 6000 से ज्यादा स्टूडेंट वीजा, भारतीय छात्रों पर भी गिरी गाज
punjabkesari.in Tuesday, Aug 19, 2025 - 03:10 PM (IST)

Washington: अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाते हुए 6,000 से अधिक छात्र वीजा रद्द कर दिए हैं। इनमें भारतीय छात्रों का नाम भी शामिल है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन वीज़ाओं को तय अवधि से अधिक रुकने, कानून तोड़ने और आतंकवाद का समर्थन करने जैसे गंभीर आरोपों के आधार पर रद्द किया गया है।
क्यों रद्द किए गए वीज़ा?
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार- लगभग 4,000 वीजा ऐसे छात्रों और आगंतुकों के रद्द किए गए जिन्होंने वीजा नियमों और अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन किया। इन मामलों में गंभीर अपराध और हिंसक गतिविधियों में संलिप्तता भी शामिल रही। इसके अलावा 200-300 वीजा ऐसे लोगों के रद्द किए गए जिन पर आतंकवाद का समर्थन करने का आरोप है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वे किस संगठन का समर्थन कर रहे थे।
भारतीय छात्रों पर भी असर
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई में भारतीय छात्रों की भी संख्या कम नहीं है । भारत से हर साल हजारों छात्र उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका जाते हैं, और यह कदम उनके लिए चिंता का विषय बन सकता है।
ट्रंप प्रशासन का सख्त रुख
ट्रंप प्रशासन पहले से ही इमिग्रेशन और स्टूडेंट वीज़ा नीति पर कड़ा रुख अपनाए हुए है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत वीज़ा रद्द करने की नीति लागू की जा रही है। अमेरिकी एजेंसियों का कहना है कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और घरेलू कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “जो लोग अमेरिका आते हैं, उन्हें हमारे कानूनों का सम्मान करना होगा। तय समय से अधिक रुकना और अवैध गतिविधियों में शामिल होना स्वीकार्य नहीं है।”
छात्र समुदाय में चिंता
इस फैसले के बाद भारतीय छात्रों और उनके परिजनों में चिंता बढ़ गई है। अमेरिका में पढ़ाई करने वाले छात्र संगठनों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे मामलों में स्पष्टता और पारदर्शिता रखनी चाहिए ताकि निर्दोष छात्रों को परेशानी न हो।