UP: मेरठ में भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, कई लोगों के दबे होने की आशंका, इलाके में भगदड़

punjabkesari.in Saturday, Sep 14, 2024 - 07:15 PM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। वहीं, मकान गिरने से मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। सभी इमारत का मलबा हटाने में लगे हुए हैं। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण लोहिया नगर थाना क्षेत्र के जाकिर कॉलोनी में जर्जर दो मंजिला मकान ढह गया। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए हैं।

बता दें कि यूपी में भारी से भी भारी बारिश हो रही है।  बारिश के कारण शुक्रवार को गाजियाबाद में एक जर्जर मकान गिर जाने से 52 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और उसकी दो बेटियां घायल हो गयीं। पुलिस ने यह जानकारी दी। अंकुर विहार के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भास्कर वर्मा ने बताया कि घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सुंदरी नाम की महिला, उसकी दो बेटियों वर्षा और लक्ष्मी को बाहर निकाला तथा उत्तर पूर्वी दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया और दोनों घायल लड़कियों का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जर्जर मकान के एक कमरे में सुंदरी अपनी दोनों बेटियों के साथ सो रही थी जबकि उसके दो बेटे राजन (24) व सागर (24) और प्रीति (15) दूसरे कमरे में सो रहे थे। पुलिस ने बताया कि मकान की दीवारें सीमेंट की नहीं थीं और लोहे के गार्डर और लाल पत्थर के ब्लॉक पर छत बनाई गई थी। वर्मा ने बताया कि परिवार के बाकी तीन सदस्य प्रीति, राजन और सागर सुरक्षित हैं। अधिकारी ने बताया कि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News