Aadhaar Card Update Rule: आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत! बिना एड्रेस प्रूफ के भी बदल जाएगा पता, जानें आसान ऑनलाइन प्रक्रिया

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 02:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एक नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत अब बिना किसी एड्रेस प्रूफ के भी आधार में पता अपडेट किया जा सकता है। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है जिनके पास अपने नाम पर कोई पता प्रमाण पत्र नहीं होता।

Head of Family आधारित नई व्यवस्था
UIDAI ने Head of Family आधारित सिस्टम लागू किया है। इस व्यवस्था के तहत परिवार का कोई एक सदस्य, जो 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र का हो, अपने परिवार के अन्य सदस्यों के लिए पते की पुष्टि कर सकता है। यानी अगर किसी सदस्य के पास एड्रेस प्रूफ नहीं है, तो वह अपने परिवार के मुखिया की मदद से अपना पता अपडेट कर सकता है।


PunjabKesari

किराएदारों और छात्रों के लिए बड़ी राहत
यह सुविधा खास तौर पर उन बच्चों, जीवनसाथी या माता-पिता के लिए है जो नए शहर में शिफ्ट हुए हैं और उनके पास रेंट एग्रीमेंट या बिजली बिल जैसा कोई सबूत नहीं है। 18 साल से ऊपर का कोई भी सदस्य Head of Family बनकर अपना पता शेयर कर सकता है।


किन दस्तावेजों की जरूरत होगी?
एड्रेस प्रूफ न होने की स्थिति में आवेदक को ‘Proof of Relationship’ देना होगा। इसके लिए राशन कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र, पासपोर्ट या स्कूल/कॉलेज की मार्कशीट जैसे दस्तावेज उपयोग किए जा सकते हैं। अगर ये उपलब्ध नहीं हैं, तो परिवार के मुखिया द्वारा दिया गया सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भी मान्य होगा।


PunjabKesari

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इसके लिए उपयोगकर्ता को UIDAI के My Aadhaar पोर्टल पर जाना होगा और एड्रेस अपडेट विकल्प चुनना होगा। इसके बाद HoF का आधार नंबर दर्ज करना होगा, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और ₹50 शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन के बाद एक SRN नंबर जारी किया जाएगा।


मुखिया की मंजूरी है सबसे जरूरी
आवेदन के बाद आपके परिवार के मुखिया को 30 दिनों के भीतर पोर्टल पर लॉगिन करके अपनी सहमति देनी होगी। यदि वे 30 दिनों में रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करते हैं, तो आपका आवेदन रद्द हो जाएगा और आपकी ₹50 की फीस भी वापस नहीं मिलेगी।


सुरक्षा के लिए OTP वेरिफिकेशन
UIDAI ने इस पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए OTP आधारित सत्यापन लागू किया है। बिना HoF की मंजूरी के किसी भी तरह का पता परिवर्तन संभव नहीं होगा। इससे फर्जीवाड़े की संभावना भी काफी कम हो जाएगी। इस नई सुविधा से लाखों लोगों को आधार अपडेट कराने में आसानी होगी और प्रक्रिया पहले से ज्यादा सरल और डिजिटल बन जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News