शिवाजी महाराज के आदर्शों पर महाराष्ट्र का चलाएंगे शासन: उद्धव ठाकरे

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2019 - 05:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने वीरवार को कहा कि उनकी सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों पर राज्य का शासन चलाएगी। पुणे स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मस्थान शिवनेरी दुर्ग का दौरा करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकरे ने यह बात कही। उन्होंने मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज और उनकी मां राजमाता जीजाबाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। 

PunjabKesari

ठाकरे ने कहा कि मैं जानता हूं कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का अभिप्राय छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री होना है। इसलिए काम करने का तरीका ऐसा होना चाहिए जैसा शिवाजी महाराज करते थे क्योंकि यह राज्य गरीबों, आम लोगों, किसानों और महिलाओं का है। उन्हें शीर्ष पद की जिम्मेदारी शिवाजी महाराज और उनकी मां के आशीर्वाद से मिली है। उन्होंने कहा कि आप सभी को याद होगा कि पिछले साल इसी समय मैं यहां आया था और किले की मिट्टी लेकर अयोध्या गया था। भरोसा करें या नहीं, ठीक एक साल बाद हमें अच्छे नतीजे मिले।

PunjabKesari

ठाकरे ने कहा कि यह जिम्मेदारी (मुख्यमंत्री पद) जो मुझे मिली है, यह भी अप्रत्याशित थी। इसका अभिप्राय है कि यह शिवाजी महाराज और राजमाता जीजाबाई का आशीर्वाद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राजमाता जीजाबाई और शिवाजी महाराज से आशीर्वाद मांगा ताकि महाराष्ट्र को लोगों की उम्मीदों के अनुरूप बना सके और राज्य का हर व्यक्ति गर्व कर सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक ने उनसे पुणे जिले के जुन्नार तहसील का नाम बदलकर शिवनेरी करने का अनुरोध किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मी ठाकरे और बेटे आदित्य ठाकरे ने पुणे के लोनावला स्थित परिवार की कुलदेवी एकवीरा देवी मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News