उद्धव ठाकरे का बड़ा फैसला-बागी मंत्रियों के विभाग दूसरे मंत्रियों को दिए...एकनाथ शिंदे का मंत्रालय सुभाष देसाई को सौंपा

punjabkesari.in Monday, Jun 27, 2022 - 02:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र में जारी सियासी के बीच राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुवाहाटी के होटल में ठहरे हुए नौ मंत्रियों के विभाग अन्य मंत्रियों को सौंप दिए हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, ठाकरे ने कहा कि बागी मंत्रियों के विभाग अन्य मंत्रियों को इसलिए दिए जा रहे हैं ताकि प्रशासन चलाने में आसानी हो।

 

ठाकरे ने कहा कि जनहित से जुड़े काम बिना किसी रुकावट के चलते रहें, इसलिए 5 कैबिनेट और 4 राज्य मंत्रियों के विभाग अन्य मंत्रियों को सौंपे गए हैं। एकनाथ शिंदे का शहरी विकास मंत्रालय सुभाष देसाई को सौंपा गया। गुलाबराव पाटिल का विभाग अनिल परब को दिया गया है। वहीं दादाजी भूसे और संदिपान भुमरे का विभाग शंकरराव गडाख को,  उदय सामंत का विभाग आदित्य ठाकरे को दिया गया है। 

 

महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में शिवसेना के नौ मंत्री अब एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले बागी गुट में शामिल हो चुके हैं। शिवसेना में अब चार कैबिनेट मंत्री हैं जिनमें मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आदित्य ठाकरे, अनिल परब और सुभाष देसाई शामिल हैं। आदित्य को छोड़कर शेष तीन विधान परिषद के सदस्य (MLC) हैं। शिवसेना के अगुवाई वाली महा विकास आघाड़ी (MVA) सरकार में बगावत से पहले, पार्टी के 10 कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री थे। सभी चार राज्य मंत्री असम के गुवाहाटी के होटल में डेरा डाले हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News