गुरु पूर्णिमा पर हवन के दौरान 2 महिलाओं की मौत, 4 अन्य घायल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 09:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क : बदायूं के ललेई गांव में पीपल के पेड़ के नीचे बने देवस्थान पर आयोजित हवन यज्ञ और भजन कीर्तन के दौरान अचानक विशाल शाखा गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस के मुताबिक गांव में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में प्राचीन वृक्ष के नीचे स्थित देवस्थान पर हर साल की तरह इस बार भी हवन-यज्ञ और भजन कीर्तन का आयोजन किया गया था।

पुलिस ने बताया कि बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं एकत्र होकर देवी माता के गीत गा रही थीं और हवन में आहुति दे रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि अपराह्न करीब 3:30 बजे अचानक पीपल के पेड़ की एक मोटी और विशाल शाखा नीचे बैठी महिलाओं के समूह पर गिर गईं। उन्होंने कहा कि इसके बाद भगदड़ मच गई, जिसमें कई महिलाएं दब गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत आनन-फानन में जिला अस्पताल भिजवाया गया।

इस दुर्घटना में ऊषा (40) और अमीर बानो (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हर देवी, श्यामा देवी, रामलली और एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) राहुल पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा पुरानी और कमजोर शाखा के अचानक टूटने से हुआ है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश से बचने के लिए काफी संख्या में बंदर भी पेड़ पर बैठे हुए थे जिसकी वजह से भी हादसा होने की आशंका जताई जा रही है l


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News