छत्तीसगढ़: नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल

punjabkesari.in Tuesday, Jun 19, 2018 - 01:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस अधिकारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। कांकेर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तमोरा गांव के जंगल में बीती रात मुठभेड़ के दौरान जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक उप निरीक्षक और एक जवान घायल हो गए हैं। 

नक्सलियों ने पुलिस दल पर किया हमला
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को क्षेत्र में नक्सली ग​तिविधि की सूचना मिलने के बाद पड़ोसी जिले नारायणपुर के एड़का थाना क्षेत्र से डीआरजी के दल को गस्त में रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस दल जब कांकेर जिले के तमोरा गांव के जंगल में था तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। नक्सली गोलीबारी में डीआरजी के उप​ निरीक्षक सुक्कू राम नुरेटी और हवलदार परेश्वर गावड़े घायल हो गए। वहीं कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। 

नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस दल को रवाना किया गया और घायल पुलिसर्किमयों को वहां से बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से भारी मात्रा में नक्सली सामान बरामद किया है। वहीं घटनास्थल पर खून के निशान मिलने से इस मुठभेड़ में कम से कम तीन नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। जिनके शवों को उनके साथी अपने साथ ले गए हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News