शादी के 2 दिन बाद दुल्हन ने पति समेत पूरे परिवार को दे दिया जहर, जानें पूरा मामला

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 11:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शादी के महज तीन दिन बाद एक नवविवाहिता पर अपने पति और ससुराल के सदस्यों को खाने में चूहे मारने की दवा मिलाकर देने का आरोप लगा है। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आरोप है कि घटना के बाद दुल्हन एक अन्य महिला के साथ घर से गहने और शादी में मिले पैसे लेकर फरार हो गई। पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

7 अक्टूबर को हुई शादी, 9 अक्टूबर को सामने आई घटना

न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला जलगांव जिले के परोला तालुका के वेल्हाने गांव का है। यहां 32 वर्षीय एक युवक की शादी 7 अक्टूबर को हुई थी। आरोप है कि 9 अक्टूबर की रात नवविवाहिता ने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के खाने में चूहे मारने की दवा मिला दी।

खाना खाने के कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिवार के बुजुर्ग दंपती की हालत बिगड़ने पर उन्हें धुले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार होने की जानकारी सामने आई है।

गहने और शादी में मिले पैसे लेकर भागने का आरोप

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी दुल्हन एक अन्य महिला के साथ घर से कुछ गहने और शादी में मिले पैसे लेकर फरार हो गई। परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने और दोनों महिलाओं के घर से गायब होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले को लेकर स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों में नाराजगी फैल गई।

ग्रामीणों ने पुलिस स्टेशन के सामने किया प्रदर्शन

दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों और परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को धुले जिले के निमगुल गांव के पास से हिरासत में ले लिया। बताया गया कि दोनों वहां से भागने की कोशिश कर रही थीं।

झारखंड की रहने वाली हैं दोनों आरोपी महिलाएं

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई में पकड़ी गई महिलाओं की पहचान सुमन सुभाष साहनी और आरती सूर्याक्ष पटेल के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों झारखंड की रहने वाली हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जलगांव जिले के परोला क्षेत्र के युवक की शादी दूसरे राज्य की युवती से कराई गई थी। इस शादी के लिए कथित तौर पर 2.5 लाख रुपये दिए गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News