Surya Grahan 2027: दिन में छा जाएगा अंधेरा, इस दिन लगेगा दुर्लभ सूर्य ग्रहण

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 07:55 PM (IST)

Surya Grahan 2027: साल 2027 में आसमान में एक दुर्लभ खगोलीय घटना देखने को मिलेगी। 2 अगस्त को पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा, जिसके दौरान दुनिया के कुछ हिस्सों में दिन के समय कुछ देर के लिए अंधेरा छा जाएगा। इस दौरान चंद्रमा सूर्य को पूरी तरह ढक लेगा और आसमान का नजारा बदल जाएगा। इस सूर्य ग्रहण की अधिकतम अवधि करीब 6 मिनट 23 सेकंड रहने का अनुमान है। लंबी अवधि के कारण इस खगोलीय घटना को खास माना जा रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं कि यह सूर्य ग्रहण किन देशों में दिखाई देगा और भारत में इसका कितना असर नजर आएगा।

कहां-कहां दिखाई देगा सूर्य ग्रहण?

2 अगस्त 2027 को लगने वाले पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और मध्य पूर्व के कुछ क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। ग्रहण का पूर्णता पथ दक्षिणी स्पेन और जिब्राल्टर से गुजरते हुए उत्तरी अफ्रीका के कई इलाकों तक पहुंचेगा। इसके बाद चंद्रमा की छाया मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ेगी। जिन क्षेत्रों से पूर्ण सूर्य ग्रहण का पथ गुजरेगा, वहां चंद्रमा सूर्य को पूरी तरह ढक लेगा। इस दौरान कुछ समय के लिए दिन में अंधेरा जैसा माहौल बन सकता है। हालांकि, अलग-अलग स्थानों पर ग्रहण की अवधि में अंतर रहेगा।

क्या भारत में भी दिखेगा सूर्य ग्रहण?

2 अगस्त 2027 को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में पूर्ण रूप से दिखाई नहीं देगा। देश के कुछ हिस्सों में आंशिक सूर्य ग्रहण नजर आने की संभावना है। आंशिक ग्रहण के दौरान चंद्रमा सूर्य के एक हिस्से को ढक लेता है, जबकि सूर्य का बाकी हिस्सा दिखाई देता रहता है। भारत में ग्रहण कितना दिखाई देगा, यह स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। इसलिए ग्रहण देखने की योजना बनाने से पहले अपने शहर के लिए जारी आधिकारिक समय और दृश्यता संबंधी जानकारी जरूर जांच लें।

2028 को भी पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा

2027 के बाद 22 जुलाई 2028 को भी पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा। इसका पूर्णता पथ ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के कुछ हिस्सों से होकर गुजरेगा। हालांकि, इस ग्रहण की अधिकतम अवधि 2027 में होने वाले पूर्ण सूर्य ग्रहण की तुलना में कम होगी। पूर्ण सूर्य ग्रहण एक खास खगोलीय घटना है, लेकिन किसी एक स्थान से इसे बार-बार देख पाना दुर्लभ होता है। यही वजह है कि वैज्ञानिकों और खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए ऐसी घटनाएं काफी महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।

सूर्य ग्रहण देखते समय ध्यान देने योग्य बातें

- सूर्य ग्रहण देखने के लिए मानक-अनुरूप सोलर एक्लिप्स चश्मे या विशेष सोलर व्यूअर का इस्तेमाल करें।
- साधारण धूप वाले चश्मे, चाहे वे कितने भी गहरे रंग के हों, सूर्य को सुरक्षित तरीके से देखने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
- कैमरे, दूरबीन या टेलीस्कोप से सूर्य देखने के लिए उपयुक्त सोलर फिल्टर जरूरी है।
- बिना उचित सुरक्षा उपकरणों के सूर्य को सीधे देखने से बचें।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News