Twisha Sharma case: 'पूछते हैं पेट में किसका बच्चा है...' ट्विशा की मां के साथ आखिरी चैट हुई लीक, इंटरनेट पर मचा तहलका
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 04:23 PM (IST)
Twisha Sharma case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की मौत का मामला सामने आया था। ट्विशा की मौत 12 मई को हुई थी। इस मामले में नामजद आरोपियों में से एक, ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। अपनी जमानत अर्जी में सास ने दावा किया था कि ट्विशा परिवार में ढल नहीं पा रही थी और वह नशे (ड्रग्स) की आदी थी। इस मामले में ट्विशा की अपनी मां के साथ की हुई आखिरी व्हाट्सएप चैट सामने आई है। इससे यह खुलासा हुआ है कि वो मानसिक तौर पर काफी परेशान थी। उसने अपने सुसरालवालों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
ट्विशा ने अपनी मां को मैसेज में लिखा, "बहुत परेशान हूं… ये लोग बहुत घटिया हैं। शक करते हैं। समर्थ पूछता है कि मेरे पेट में किसका बच्चा है।" उसने अपनी मां से मदद मांगते हुए लिखा, "मुझे यहां से आकर ले जाओ, ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे। मेरा जीवन नरक हो गया है। ये लोग बहुत निर्दयी हैं। समर्थ तो मुझसे ठीक से बात तक नहीं करता।" इसके अलावा, ट्विशा की उसकी सहेली मीनाक्षी के साथ हुई इंस्टाग्राम चैट भी सामने आई है, जिसमें उसने लिखा था, "मैं फंस गई हूं, तू मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर पाऊंगी।"

मायके वालों ने रखी दोबारा पोस्टमार्टम की बात
ट्विशा के माता-पिता का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं सोची- समझी हत्या है। इतना ही नहीं पोस्टमार्ट्स में भी लापरवाही की गई थी। उनके अनुसार, ट्विशा के गले में जो बेल्ट मिली थी, उसकी सही ढंग से जांच किए बिना ही पोस्टमार्टम कर दिया गया था। इस वजह से वे शव के दोबारा पोस्टमार्टम (Re-postmortem) के लिए प्रशासन को आवेदन सौंप रहे हैं।
सास ने किया ये दावा
दूसरी तरफ, अग्रिम जमानत पा चुकीं रिटायर्ड जज और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने अदालत के सामने अपनी दलील में बहू पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। सास ने कहा कि शादी से पहले ट्विशा फिल्म अभिनेत्री और मॉडल थी। शादी के बाद वो एक प्राइवेट कंपनी के साथ वर्क फ्राम होम करने लगी। घर में रहने के दौरान उसके बर्ताव को देखकर उन्हें शक हुआ कि वह ड्रग्स लेती है। साथ ही उनका यह भी दावा है कि ट्विशा के पिता द्वारा इस बात की पुष्टि की गई थी कि उनकी बेटी ड्रग्स की आदी है और ड्रग्स न मिलने पर उसके हाथ पैर कांपने लगते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 9 दिसंबर 2025 को हुई शादी के बाद से 12 मई 2026 के बीच ट्विशा पांच बार ससुराल छोड़कर मायके या अन्य जगहों पर गई। 17 अप्रैल 2026 को जब उसे अपनी प्रेग्नेंसी (गर्भवती होने) का पता चला, तो वह हजेला अस्पताल गई। वहां से लौटकर उसने अपना सामान बांधा और दिल्ली (नोएडा) के लिए निकल गई। वह अगले दिन हवाई जहाज से दिल्ली पहुंची, लेकिन तुरंत घर नहीं गई और इस देरी की कोई वजह भी नहीं बताई।
