पांच साल में चायवाले से चौकीदार बन गए पीएम मोदी: ममता बनर्जी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 10, 2019 - 06:14 PM (IST)

नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर किया जायेगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नरेन्द्र मोदी फिर कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनें। बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस केन्द्र में अगली सरकार बनाने में मदद करेगी। उन्होंने लोगों से तृणमूल कांग्रेस को वोट देने का आग्रह किया। 

PunjabKesari

ममता ने उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इस बार बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव भाजपा को हराने के लिए है। भाजपा को सत्ता से हटाने का अभियान है... यह चुनाव इस बात को सुनिश्चित करने के लिए है कि नरेंद्र मोदी फिर कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनें। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह (भाजपा) कभी सत्ता में वापसी नहीं करें।’’  बनर्जी ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस अगली सरकार बनाने में मदद करेगी। हमारी पार्टी भाजपा को देश से खदेड़ेगी।’’ मोदी पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों तक प्रधानमंत्री विदेश यात्रा करने में व्यस्त रहे। ‘‘अचानक वह देशवासियों के कल्याण के बारे में इतना सचेत हो गए।’’     

दुनिया की यात्रा करने में व्यस्त रहे मोदी
ममता ने कहा, ‘‘पांच वर्ष पहले वह चायवाला थे और अब वह अचानक चौकीदार हो गए है। चुनावों के बाद लोग उन्हें कहीं और पाएंगे। साढ़े चार वर्षों तक वह दुनिया की यात्रा करने में व्यस्त रहे और अब यहां रोजगार नहीं है, किसान अपना कर्ज नहीं चुका पाने के कारण मर रहे हैं। जब लोगों की पीट-पीट कर हत्या की जा रही थी तो वह मौन थे। मैं उन्हें (मोदी) दंगाबाज और लुटेरा कहती हूं।’’ बनर्जी ने कहा कि न तो भाजपा, कांग्रेस से और न ही माकपा से कोई पिछले पांच वर्षों में  दार्जिलिंग आया है जबकि वह लगभग हर महीने इस पहाड़ी क्षेत्र में आती हैं।     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News