Railway 300 Special Train: होली पर घर जाना हुआ आसान: रेलवे चलाएगा 300 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें, स्टेशनों पर तैनात रहेंगे डॉक्टर
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 08:59 AM (IST)
नेशनल डेस्क: रंगों के त्योहार होली की खुमारी अभी से लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगी है, लेकिन घर जाने की जद्दोजहद ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी थी। दिल्ली-एनसीआर से यूपी, बिहार और झारखंड जाने वाली लगभग सभी नियमित ट्रेनों में 'नो रूम' के बोर्ड लग चुके हैं और वेटिंग लिस्ट आसमान छू रही है। यात्रियों की इसी टेंशन को दूर करने के लिए उत्तर रेलवे ने इस बार कमर कस ली है। इस साल रिकॉर्ड तोड़ 300 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया गया है, ताकि हर मुसाफिर अपनों के साथ होली का आनंद ले सके।
भीड़ को देखते हुए 20% का इजाफा
आंकड़ों की मानें तो इस साल रेलवे ने पिछले साल के मुकाबले ट्रेनों की संख्या में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। जहां पिछले साल 250 विशेष ट्रेनें पटरी पर उतरी थीं, वहीं इस बार यह आंकड़ा 300 के पार जाएगा। रेलवे को उम्मीद है कि 28 फरवरी से घर जाने वालों का रेला शुरू हो जाएगा, जिसे देखते हुए नई दिल्ली, आनंद विहार और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों से इन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। लगभग 100 ट्रेनों का शेड्यूल जारी हो चुका है और बाकी की घोषणा अगले हफ्ते तक होने की उम्मीद है।
सुरक्षा के साथ सेहत का भी ख्याल
सफर की आपाधापी में यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। स्टेशन परिसर में ही यात्रियों को प्राथमिक उपचार मिल सकेगा और आपात स्थिति के लिए रेलवे अस्पताल में 30 बेड भी रिजर्व रखे गए हैं।
तत्काल राहत की योजना
उत्तर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि वे केवल निर्धारित ट्रेनों पर ही निर्भर नहीं रहेंगे। यदि किसी खास रूट पर अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तुरंत 'अनारक्षित विशेष ट्रेनें' (Unreserved Special Trains) भी चलाई जाएंगी। इस कदम से उन लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी जो अंतिम समय में घर जाने का प्लान बना रहे हैं।
