कर्नाटक: अमित शाह के भाषण में ट्रांसलेटर से हुई गलती

punjabkesari.in Thursday, Mar 29, 2018 - 06:03 PM (IST)

बेंगलुरु: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इन दिनों मिशन कर्नाटक पर हैं। भाजपा किसी भी हालत में कर्नाटक को अपने हाथ से गंवाना नहीं चाहती है। लेकिन भाजपा की राज्य में इन दिनों काफी किरकिरी हो रही है। पार्टी के लिए हिंदी से कन्नड़ ट्रांसलेट करने वाले नेता परेशानी का सबब बन गए हैं। शाह दवानागिरी में रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान कहा कि "सिद्धारमैया सरकार कर्नाटक का विकास नहीं कर सकती, आप मोदी जी पर विश्वास करके येदुरप्पा को वोट दीजिए। हम कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाकर दिखाएंगे।" लेकिन शाह के इस बयान पर उनकी ही किरकिरी हो गई।

भाजपा सांसद प्रह्लाद जोशी ने शाह के बयान को जब कन्नड़ भाषा में ट्रांसलेट किया तो उन्होंने इसका पूरा मतलब ही बदल दिया। जोशी ने ट्रांसलेट किया,  "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब, दलित और पिछड़ों के लिए कुछ भी नहीं करेंगे, वो देश को बर्बाद कर देंगे, आप उन्हें वोट दीजिए।" बता दें कि यह दूसरा मौका है जब शाह को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा। कुछ दिन पहले शाह राज्य में एक प्रैस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की आलोचना कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा, कि अगर भ्रष्टाचार में कोई प्रतिस्पर्धा कर ली जाए तो येदियुरप्पा सरकार को इस प्रतियोगिता में नंबर वन स्थान मिल जाएगा।' उन्होंने सिद्धारमैया सरकार की जगह येदियुरप्पा सरकार कह दिया था। येदियुरप्पा भाजपा नेता हैं और उन्हें पार्टी ने सीएम उम्मीदवार के तौर पर राज्य में आगे किया हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News