कश्मीर में मातम: पहलगाम की गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी, गुजरात के पति-पत्नी की मौत, ड्राइवर गंभीर
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 09:59 AM (IST)
Pahalgam Car Accident: जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात से कश्मीर घूमने आए एक पर्यटक दंपति की मौत हो गई। पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर एक गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में स्थानीय ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुजरात के रहने वाले अशोक भाई और उनकी पत्नी नैना बेन कश्मीर की वादियों का लुत्फ उठाने आए थे। शनिवार को वे अपनी टैक्सी (वाहन संख्या: JK21A-0379) से पहलगाम से खूबसूरत अरु वैली (Aru Valley) की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मंडलन के पास अचानक गाड़ी से ड्राइवर का नियंत्रण हट गया और कार सड़क से फिसलकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
Tragic accident near Pahalgam in South Kashmir as a tourist vehicle skidded off the road and plunged into a deep gorge on the Pahalgam-Aru route.
— Kashmir Outlook (@kashmiroutlook1) May 16, 2026
Two tourists from Gujarat lost their lives while several others, including the driver, sustained injuries and are undergoing… pic.twitter.com/4ZGhSmak5K
पति-पत्नी ने मौके पर तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक भाई और उनकी पत्नी नैना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार चला रहा पहलगाम निवासी ड्राइवर रईस अहमद भट्ट इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ड्राइवर रईस को मलबे से बाहर निकालकर तुरंत जीएमसी (GMC) अनंतनाग रेफर किया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मृतकों की पहचान करने के बाद तुरंत गुजरात पुलिस और उनके परिवार को इस हादसे की जानकारी दे दी है। परिजनों के रविवार शाम तक कश्मीर पहुंचने की उम्मीद है।
वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है और प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।
