TMC की निर्ममता ने मां को रुला दिया, ...माटी को घुसपैठियों के हवाले कर दिया: पीएम मोदी का ममता पर करारा हमला
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 03:04 PM (IST)
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने टीएमसी पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि यह TMC वाले अगर मां, माटी और मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे। TMC की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडीकेट, घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।
मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "TMC के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें, बेटियां हैं। इनके साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। TMC की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। यहां तो बहनों को ही गाली दी गई। यह कभी भूलना नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में इतना भारी मतदान हो गया... पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया है, दूसरे चरण में भाजपा सरकार की प्रचंड जीत पक्की होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार हर साल 36 हजार रुपये बहनों के खाते में जमा करेगी। आंगनबाड़ी हो, अन्य महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता हो, उनके वेतन-भत्ते को लेकर भी बंगाल भाजपा ने बड़ी घोषणा की है। बंगाल भाजपा ने बेटियों को सरकारी नौकरी में 35% आरक्षण देने का फैसला किया है। बंगाल की डबल इंजन सरकार का बंगाल की बहन-बेटियों को डबल फायदा होगा।
