बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ ने बाबा बागेश्वर से लिया आशीर्वाद: बालाजी पर फिल्म बनाने की तैयारी
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 10:47 PM (IST)
मुंबई: बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ ने हाल ही में मुंबई स्थित सनातन मठ में बाबा बागेश्वर (पंडित धीरेंद्र शास्त्री) से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर दोनों की मुलाकात की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें टाइगर बाबा का आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं।
जनसेवा कार्यों की सराहना
मुलाकात के दौरान टाइगर श्रॉफ और बाबा बागेश्वर के बीच समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा गरीब बेटियों के लिए बनवाए जा रहे कैंसर हॉस्पिटल और बागेश्वर धाम में संचालित मां अन्नपूर्णा प्रसादम रसोई भंडारे जैसी सेवाओं के बारे में जानकर टाइगर काफी प्रभावित हुए और उन्होंने इन कार्यों की जमकर सराहना की।
मुंबई स्थित सनातन मठ में पूज्य सरकार से बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने सादर भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान दोनों के बीच समाजहित एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत के दौरान पूज्य सरकार द्वारा संचालित जनसेवा… pic.twitter.com/iRHKTBpGaq
— Bageshwar Dham Sarkar (Official) (@bageshwardham) June 23, 2026
बालाजी पर फिल्म बनाने की योजना
इस खास मुलाकात के दौरान टाइगर श्रॉफ के एक दोस्त ने बाबा बागेश्वर को बताया कि वे 'बालाजी' पर एक फिल्म बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मुलाकात के अंत में टाइगर ने बाबा बागेश्वर को शॉल भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
टाइगर का फिल्मी सफर
टाइगर श्रॉफ ने साल 2014 में फिल्म 'हीरोपंती' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'बागी', 'बागी 2' और ऋतिक रोशन के साथ 'वॉर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। टाइगर जल्द ही अपनी आगामी फिल्मों 'हिटमैन' और 'लग जा गले' में नजर आएंगे।
