इस बार का मेला किसानों का कुंभ मेला साबित होगा : डॉ. नरहरि बांगड़
punjabkesari.in Saturday, Oct 07, 2023 - 06:49 PM (IST)
नैशनल डैस्क : हरियाणा कृषि विकास मेले का आयोजन 8 से 10 अक्टूबर तक हिसार में स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मेला ग्राउंड में किया जाएगा। हिसार में आयोजित होने वाले हरियाणा कृषि विकास मेले की तैयारियों को लेकर आज उच्चाधिकारियों संग बैठक की। मेले में किसानों की ज़्यादा से ज़्यादा भागीदारी सुनिश्चित हो और उन्हें हर संभव सुविधाएँ मिल सके इसको लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिये। डॉ. नरहरि बांगड़, निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा सरकार ने आज मेले की तैयारियों का जायज़ा लेते हुए यह कहा कि इस बार का मेला किसानों का कुंभ मेला साबित होगा।
मेले में किसानों को वैज्ञानिकों द्वारा अन्न की खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएंगी। मेले में बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनें व कृषि यंत्र निर्माता कंपनियां भाग लेंगी। किसानों को विभिन्न कृषि कार्यों के लिए मशीनों, यंत्रों एवं उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानने का अवसर भी मिलेगा। इस मेले के दौरान हरियाणा के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। मेले में किसानों को विश्वविद्यालय की ओर से सिफारिश की गई रबी फसलों के उन्नत बीज तथा बायो फर्टिलाइजर के अलावा कृषि साहित्य उपलब्ध करवाया जाएगा। मेला स्थल पर विभिन्न सरकारी बीज एजेंसियों के सहयोग से बिक्री काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
किसानों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म पर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई खरीफ फसलें दिखाई जाएंगी तथा उनमें प्रयोग की गई तकनीकी की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर किसानों की कृषि तथा गृह-विज्ञान संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रश्नोत्तरी सभाएं और फसल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मेला स्थल पर मिट्टी, सिंचाई जल व रोगी पौधों की वैज्ञानिक जांच करवाने की किसानों को सुविधा भी प्रदान की जाएगी।