अचानक अस्पताल पहुंचा टीम इंडिया का ये स्टार प्लेयर, लगी गंभीर चोट

punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 08:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सिडनी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए आखिरी वनडे में टीम इंडिया ने 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने सीरीज का अंत 1-2 के साथ किया। हालांकि इस जीत के बीच टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के साथ एक अप्रत्याशित हादसा हो गया।

कैच लपकते ही चोटिल

शनिवार 25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर जब ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग की, तब एक वक्त पर उनकी टीम 33 ओवर में 180 रन पर 3 विकेट खो चुकी थी। 34वें ओवर में हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच उछला। पॉइंट पर तैनात श्रेयस अय्यर ने पीछे की ओर दौड़कर बेहतरीन डाइव के साथ कैच पकड़ा, लेकिन इसी दौरान पेट के बाईं तरफ चोट लग गई।

मैदान से अस्पताल तक

दर्द से परेशान अय्यर मैदान पर जश्न नहीं मना सके। टीम के फिजियो ने उनकी तुरंत जांच की, लेकिन ‘मैजिक स्प्रे’ से भी दर्द नहीं गया, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। इसके बाद अय्यर फील्डिंग के लिए लौटे नहीं।

BCCI ने दी जानकारी

BCCI ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए बताया कि “श्रेयस अय्यर को फील्डिंग के दौरान बाईं तरफ की पसलियों में चोट लग गई है। उन्हें आगे की जांच-पड़ताल के लिए अस्पताल ले जाया गया है।” हालांकि इसके बाद बोर्ड की ओर से अय्यर की वर्तमान स्थिति को लेकर कोई अपडेट नहीं आया।

रिकवरी के लिए पर्याप्त समय

वनडे सीरीज समाप्त होने के साथ अय्यर को फिलहाल किसी सीरीज में खेलने की जल्दी नहीं है। टी20 सीरीज में वे टीम का हिस्सा नहीं हैं और टेस्ट क्रिकेट से उन्होंने ब्रेक लिया हुआ है। इसका मतलब है कि उन्हें 30 नवंबर से शुरू होने वाली अगली वनडे सीरीज तक रिकवरी का पर्याप्त समय मिलेगा, ताकि वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरी फिटनेस के साथ वापसी कर सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News