ये है दुनिया का सबसे अमीर कुत्ता, जीता है अमीरों वाली लाइफ...
punjabkesari.in Wednesday, Aug 13, 2025 - 11:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-NCR में सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले पर देशभर में बहस छिड़ी है, जिसमें कहा गया है कि सभी आवारा कुत्तों को 8 हफ्तों के भीतर शेल्टर होम में भेजा जाए। इस फैसले के बाद एक ओर जहां लोग इसे जनहित में बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे अमानवीय करार दे रहे हैं। कई जगहों पर कैंडल मार्च निकाले जा रहे हैं और सोशल मीडिया पर विरोध हो रहा है।
इसी बहस के बीच एक ऐसी खबर फिर से चर्चा में आ गई है, जिसमें एक कुत्ता ‘मिलेनियर लाइफस्टाइल’ जी रहा है। इस कुत्ते का नाम है गुनथर, और इसकी जिंदगी किसी रॉयल सेलिब्रिटी से कम नहीं है।
कौन है गुनथर?
गुनथर एक जर्मन शेफर्ड डॉग है जो इटली में रहता है। उसके पास लगभग ₹3,500 करोड़ (400 मिलियन डॉलर) की संपत्ति है। उसकी देखभाल के लिए 27 लोगों का स्टाफ काम करता है।
- उसके लिए एक निजी शेफ खाना बनाता है
- वह यॉट पर सैर करता है
- लग्जरी कारों में घूमता है
- और इटली के टस्कनी में शानदार विला में रहता है
गुनथर की जिंदगी पर बनी नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री Gunther's Millions ने इसे और चर्चित बना दिया है।
कैसे बनी इतनी दौलत?
गुनथर की अमीरी की कहानी 1992 में शुरू होती है, जब उसकी मालकिन कार्लोटा लीबेनस्टीन, जो एक जर्मन काउंटेस थीं, की मौत हो गई। उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति अपने कुत्ते गुनथर III के नाम कर दी। इसके लिए एक ट्रस्ट बनाया गया, ताकि गुनथर और उसके वंशजों का शाही पालन-पोषण हो सके। गुनथर VI, गुनथर III का पोता है, और अब वह इस विरासत का मालिक है।
क्या यह कहानी असली है?
- गुनथर की कहानी जितनी दिलचस्प, उतनी ही रहस्यमय भी है।
- 1995 में, गुनथर की देखरेख करने वाले मौरिज़ियो मियान ने दावा किया कि यह सब एक पब्लिसिटी स्टंट था।
- लेकिन बाद में उन्होंने अपने ही बयान को झूठा बताया और कहा कि गुनथर की दौलत असली है।
- कई रिपोर्ट्स का मानना है कि गुनथर की दौलत असली है, लेकिन उसे पूर्वजों से नहीं मिली, बल्कि मियान ने टैक्स बचाने के लिए ट्रस्ट बनाया।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने 1999 में कहा था कि उनके पास इस दौलत की पुष्टि के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं, लेकिन गुनथर की रॉयल लाइफस्टाइल आज भी लोगों को हैरान करती है।