यह फेमस टीवी एक्टर पॉक्सो एक्ट के तहत हुआ गिरफ्तार : 16 साल की नाबालिग को-एक्ट्रेस से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 09:07 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मनोरंजन जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर टीवी अभिनेता रोहित चंदेल को मुंबई की घाटकोपर पुलिस ने एक 16 वर्षीय नाबालिग को-एक्ट्रेस की शिकायत पर गिरफ्तार किया है। उन पर नाबालिग का पीछा करने (स्टॉकिंग), मानसिक रूप से परेशान करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

क्या है पूरा मामला?
पीड़िता, जो रोहित की को-एक्ट्रेस रही है, ने आरोप लगाया है कि अभिनेता उन पर लगातार दबाव बना रहे थे। शिकायत के अनुसार, रोहित दिसंबर 2025 से लेकर 7 जुलाई तक पीड़िता को कई अलग-अलग नंबरों से फोन करके परेशान कर रहे थे, जबकि पीड़िता ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया था।

घर के पास पहुंचकर की मारपीट
मामला तब और बिगड़ गया जब 5 जुलाई को रोहित चंदेल पीड़िता के घर के पास पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने वहां नाबालिग का पीछा किया, उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की। पुलिस पूछताछ में रोहित ने यह स्वीकार किया है कि वह नाबालिग लड़की से मिलने के लिए अक्सर घाटकोपर जाया करते थे।

न्यायिक हिरासत में अभिनेता
घाटकोपर पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर विठ्ठल लक्ष्मण आर्डेकर के अनुसार, रोहित चंदेल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

लोकप्रिय टीवी शो में आ चुके हैं नजर
रोहित चंदेल टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने साल 2014 में 'हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल' से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्हें मुख्य रूप से 'काशीबाई बाजीराव बल्लाल' और 'पांड्या स्टोर' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के लिए जाना जाता है। हाल ही में उन्हें शो 'सैराब' में भी देखा गया था। फिलहाल कोर्ट यह तय करेगा कि उन्हें कितने समय तक हिरासत में रखा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News