प्रेमी जोड़े के भागने पर गांव में मचा बवाल, पुलिस पर पथराव...कई घायल, 35 पर मुकदमा दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Apr 17, 2025 - 04:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चांदपुर क्षेत्र के सुजातपुर खादर गांव में प्रेम-प्रसंग के मामले में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। गांव के ही रहने वाले दुष्यंत और शिवानी नाम के प्रेमी जोड़े ने 12 अप्रैल को घर से भागकर शादी करने का फैसला किया। इसके बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। लड़की के परिजनों ने लड़के पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले को लेकर गांव में लगातार पंचायतें हो रही थीं और दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था।

कोर्ट में बयान के बाद लड़की प्रेमी के साथ गई
15 अप्रैल को पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया और अगले दिन लड़की को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में 164 के बयान के दौरान शिवानी ने खुद को बालिग बताते हुए प्रेमी दुष्यंत के साथ रहने की इच्छा जताई। अदालत ने उसकी बात को मानते हुए उसे अपनी मर्जी से रहने की अनुमति दे दी।शिवानी फिर प्रेमी के साथ चली गई, लेकिन यह बात जैसे ही लड़की के परिजनों को पता चली, वे भड़क उठे।

लड़के के घर पर हमला, पुलिस पर भी किया पथराव
रात करीब 9 बजे, लड़की पक्ष के कई लोग लड़के के घर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। उन्होंने कहा कि वे किसी भी कीमत पर इस शादी को नहीं होने देंगे। जब मामले की जानकारी पांडव नगर पुलिस चौकी को दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने माहौल शांत करने की कोशिश की और हंगामा कर रहे लोगों का वीडियो बनाने लगे। इससे नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी झड़प शुरू कर दी और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। इसके बाद हालात और बिगड़ गए। लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिस गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हमले में हेड कांस्टेबल श्यामवीर सिंह और चांदपुर थाने के दो दरोगा घायल हो गए।

5 गिरफ्तार...35 पर केस दर्ज
पुलिसकर्मियों पर हमले की खबर मिलते ही भारी पुलिस बल और पीएसी मौके पर पहुंच गई। हालात पर किसी तरह काबू पाया गया। पुलिस ने रात में ही कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में कुल 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिन पर हमला, पथराव और पुलिसकर्मियों से मारपीट की धाराओं में केस दर्ज हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News