मुख्यमंत्री गहलोत का दावा, हमारी सरकार के खिलाफ कोई लहर नहीं, बेमिसाल काम किया
punjabkesari.in Saturday, Sep 23, 2023 - 07:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने अपने मौजूदा कार्यकाल में बेमिसाल काम किया है और उन्होंने दावा किया कि सरकार के खिलाफ कोई लहर नहीं है। गहलोत यहां मानसरोवर में पार्टी के कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए गर्व की बात है कि अपनी उपलब्धियों से राजस्थान पूरे देश में चर्चा में आ गया है। पहली बार किसी सरकार के खिलाफ कोई लहर नहीं है। मुझे गर्व है कि सरकार ने जो काम किए वे बेमिसाल हैं।
हमने हर परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया है।'' उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘किसी भी कीमत पर हमारी सरकार दोबारा सत्ता में आए यह हमारा संकल्प होना चाहिए। हमने वादे निभाए हैं। तमाम मतभेद भुला दें क्योंकि यह देश का सवाल है। राजस्थान विधानसभा में जीत देश को एक संदेश देगी।'' राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। दोनों ने भी राज्य की अशोक गहलोत सरकार के कामकाज की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दावा कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनेगी और हम 2024 में भाजपा को केंद्र से बाहर कर देंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है और कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने कहा कि पार्टी के प्रदेश मुख्यालय का नया भवन बनने से पहले राज्य और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘दो महीने बाद जब राजस्थान में चुनाव होंगे तो 30 साल का इतिहास बदलेगा और एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।'' इससे पहले खरगे व राहुल गांधी ने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के नए भवन की आधारशिला रखी। शाम को सभी नेता राज्य सरकार द्वारा बनवाई गई गांधी वाटिका पहुंचे और उसका लोकार्पण किया।