Yoga Diwas: हिमालय की बर्फ से लेकर लंदन की सड़कों तक, योग दिवस पर दुनिया ने भारत को किया सलाम, देखें Photo

punjabkesari.in Saturday, Jun 21, 2025 - 08:07 AM (IST)

नेशनल डेस्क: 21 जून को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया भर में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस साल की थीम रही “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” यानी Yoga for One Earth One Health। यह संदेश केवल शारीरिक फिटनेस नहीं बल्कि पूरी मानवता और प्रकृति के बीच संतुलन की जरूरत पर केंद्रित रहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने विशाखापत्तनम से किया योग

पीएम नरेंद्र मोदी ने इस साल आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। हजारों लोगों की मौजूदगी में उन्होंने योगासन किए और कहा, “योग आत्मा को शक्ति देता है, मन को स्थिर करता है और शरीर को सशक्त बनाता है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को रोजाना की आदत बनाएं क्योंकि यह केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की भारतीय शैली है।

 


लंदन की सड़कों पर गूंजा "ॐ"

ब्रिटेन के द स्ट्रैंड इलाके में योग दिवस का आयोजन बेहद खास रहा। यहां भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी के नेतृत्व में लोगों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार और ध्यान किया। भारतीय प्रवासियों के साथ ब्रिटिश नागरिकों और विदेशी पर्यटकों ने भी इसमें भाग लिया। लंदन की गलियों में "ॐ" की गूंज ने भारत की सांस्कृतिक शक्ति को पूरी दुनिया के सामने रखा।

 


अमेरिका में भी दिखा योग का रंग

न्यूयॉर्क के वेस्टचेस्टर में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ग्रीनबर्ग टाउन और ICANA के सहयोग से योग कार्यक्रम आयोजित किया। भारतीय समुदाय के साथ-साथ अमेरिकन नागरिकों की भागीदारी ने दिखाया कि योग अब केवल भारत तक सीमित नहीं है।


हिमालय की बर्फीली ऊंचाइयों पर जवानों का योग

14,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित पैंगोंग झील के पास ITBP के जवानों ने माइनस डिग्री तापमान में योग किया। 24वीं बटालियन के बहादुर जवानों ने दुनिया को यह संदेश दिया कि “योग सीमाओं का मोहताज नहीं, यह संकल्प का प्रतीक है।”

क्यों जरूरी है योग?

  • यह तनाव और चिंता को कम करता है

  • एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ाता है

  • शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत करता है

  • मानसिक और भावनात्मक संतुलन देता है

  • सतत जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है

योग दिवस: भारत की संस्कृति का वैश्विक उत्सव

योग अब सिर्फ भारत नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की “सांस्कृतिक विरासत” बन चुका है। UN के प्रस्ताव के बाद 2015 से हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, और आज यह 170 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News