पश्चिम एशिया संकट का भारत पर भी असर: मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु से 180 उड़ानें रद्द

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 11:23 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों को लेकर बुधवार को मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु शहरों के हवाई अड्डों से लगभग 180 उड़ानें रद्द कर दी गईं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। मुंबई हवाई अड्डे पर 48 प्रस्थान और 45 आगमन उड़ानें रद्द हुईं, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे पर बुधवार को 25 प्रस्थान और 27 आगमन उड़ानें रद्द हुईं।

सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु हवाई अड्डे पर विभिन्न एयरलाइन ने 34 उड़ानें रद्द कीं, जिनमें 18 आगमन उड़ानें शामिल हैं। अमेरिका और इजराइल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद छिड़े संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगने से 28 फरवरी से उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि बुधवार को मुंबई हवाई अड्डे पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों द्वारा संचालित आठ उड़ानें आईं।

स्पाइसजेट ने फुजैराह से मुंबई के लिए दो उड़ानें संचालित कीं, जबकि एअर इंडिया ने बुधवार को दुबई से मुंबई के लिए एक उड़ान संचालित की। सूत्रों के अनुसार, बुधवार को खाड़ी देशों की एयरलाइन एमिरेट्स ने दुबई से मुंबई के लिए ऐसी तीन उड़ानें संचालित कीं, जबकि गल्फ एयर और रॉयल जॉर्डन ने अम्मान (जॉर्डन) और दम्मम (सऊदी अरब) से मुंबई के लिए एक-एक उड़ान संचालित की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News