महिला की मौत के मामले में राज्यसभा सांसद के बेटे की शराब-ड्रग रिपोर्ट आई सामने, जांच जारी
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 02:53 PM (IST)
हैदराबाद: आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य लिंगमनेनी रमेश के बेटे की शराब और मादक पदार्थों की प्रारंभिक जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई है। सांसद के बेटे पर कथित तौर पर उसके द्वारा चलाई जा रही 'एस्टन मार्टिन' कार की टक्कर से एक महिला की मौत का मामला दर्ज किया गया है।
'एस्टन मार्टिन' कार जब्त
उन्होंने बताया कि राज्यसभा सदस्य के बेटे लिंगमनेनी संजूश (21) द्वारा चलाई जा रही 'एस्टन मार्टिन' कार को जब्त कर लिया गया और दुर्घटना के सिलसिले में मोटर वाहन निरीक्षक ने इसकी जांच की। पुलिस ने कहा कि मोटर वाहन निरीक्षक की रिपोर्ट का इंतजार है और इसे जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके बाद वाहन को शहर की अदालत में जमा करा दिया गया।
लग्जरी कार से 26 साल की युवती को मारी थी टक्कर
ओडिशा की रहने वाली 26 साल की भारती मुखी यहां एक मॉल में 'सेल्स एग्जीक्यूटिव' के तौर पर काम करती थीं जिनकी 16 अगस्त को मॉल के सामने सड़क पार करते समय एक लग्ज़री कार के टक्कर मारने से मौत हो गई। आरोप है कि कार संजूश चला रहा था और वह तेज रफ्तार में, लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने बताया कि उस समय उपलब्ध जानकारी के आधार पर उन्हें संजुश की तुरंत गिरफ्तारी का कोई आधार नहीं मिला। इसके बजाय, उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35 के तहत नोटिस जारी किया गया, जिसमें उसे जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया गया।
अल्कोहल रिपोर्ट निगेटिव
डीसीपी (कुकटपल्ली जोन) रितिराज ने एक बयान में कहा कि 16 अगस्त को माधपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। उन्होंने कहा, "मामला दर्ज होने के तुरंत बाद वाहन चालक को पकड़ लिया गया और शराब एवं मादक पदार्थों की प्रारंभिक जांच कराई गई। दोनों जांचों के परिणाम निगेटिव आए हैं।
