World Quietest Room: दुनिया का सबसे शांत कमरा जहां इंसान सुन सकता है अपने ही दिल की धड़कन और खून बहने की आवाज़
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 09:37 AM (IST)

नेशनल डेस्क। क्या आपने कभी ऐसी जगह की कल्पना की है जहां इतनी शांति हो कि आप अपने शरीर के अंदर होने वाली हर हलचल को सुन सकें? यह कोई साइंस फिक्शन फिल्म का सीन नहीं बल्कि एक हकीकत है। माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका के वॉशिंगटन स्थित अपने मुख्यालय रेडमंड में एक ऐसा कमरा बनाया है जिसे दुनिया का सबसे शांत कमरा माना जाता है। यह कमरा इतना खामोश है कि यहां इंसान अपनी ही धड़कन, खून बहने और हड्डियों तक की आवाज़ें सुन लेता है। इस कमरे का नाम एनेकोइक चैंबर है।
कितना शांत है यह कमरा?
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अनुसार यह कमरा -20.35 डेसिबल तक की नकारात्मक ध्वनि स्तर तक शांत है जो इंसानी कान की सुनने की क्षमता से भी कम है। तुलना के लिए एक सामान्य शांत कमरे का ध्वनि स्तर लगभग 30 डेसिबल होता है।
इस असाधारण शांति को हासिल करने के लिए कमरे को विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है:
पिरामिडनुमा स्ट्रक्चर: दीवारों, छत और फर्श पर आवाज सोखने वाले विशेष फाइबर और फोम के पिरामिडनुमा स्ट्रक्चर लगाए गए हैं।
पूरी तरह से सील: कमरे को पूरी तरह से सील कर दिया गया है ताकि बाहर की कोई भी आवाज अंदर न जा सके।
स्टील की जाली: फर्श पर स्टील के तारों की जाली लगी है जिससे नीचे की सतह भी ध्वनि को अवशोषित कर लेती है।
शरीर की आवाज़ें और वैज्ञानिक प्रयोग
माइक्रोसॉफ्ट ने इस कमरे को मुख्य रूप से अपने ऑडियो प्रोडक्ट्स जैसे कि हेडफोन, माइक्रोफोन और स्पीकर की टेस्टिंग के लिए बनाया है। यहां यह भी जांचा जाता है कि कोई डिवाइस कितनी शुद्ध और प्राकृतिक ध्वनि पैदा कर सकता है।
लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि इस कमरे में ज्यादा देर तक रहना आसान नहीं है। कुछ ही मिनटों में लोग बेचैनी और घबराहट महसूस करने लगते हैं। जब बाहरी आवाज बिल्कुल बंद हो जाती है तो हमारा दिमाग शरीर के भीतर की आवाज़ों को पकड़ने लगता है। यहां लोगों ने अपने जोड़ों के हिलने, पेट के पचने और खून के बहने तक की आवाज़ें सुनने का अनुभव किया है। यह कमरा इंसानी शरीर की अद्भुत कार्यप्रणाली को महसूस करने का एक अनोखा मौका देता है।