राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में 6 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 06:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की एक विशेष अदालत में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ जारी एक मानहानि मामले की शनिवार को सुनवाई हुई। सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के वकील ने राहुल गांधी की आवाज का नमूना लेने का निर्देश देने का अनुरोध किया। वादी के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि शनिवार को अदालत में राहुल गांधी की आवाज के नमूने की जांच के लिए अनुरोध किया गया। उन्होंने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 311 सहपठित धारा 91 के तहत एक अर्जी दी है।

PunjabKesari

अर्जी में राहुल गांधी की आवाज का नमूना लेने का अनुरोध किया गया, जिसे पहले से दाखिल की गई सीडी के साथ विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फोरेंसिक लैब) में मिलान कराने का अनुरोध किया गया। अधिवक्ता पांडेय ने बताया कि वह अगली सुनवाई पर बचाव पक्ष की आपत्ति को लेकर बहस करेंगे। राहुल गांधी के वकीलों ने इस अनुरोध पर आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की अगली सुनवाई छह अप्रैल के लिए निर्धारित कर दी गयी। भाजपा नेता विजय मिश्रा ने यह मुकदमा अक्टूबर 2018 में दर्ज कराया था, जिसके बाद राहुल गांधी ने 20 फरवरी 2024 को अदालत में आत्मसमर्पण किया था हालांकि विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत दे दी थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News